समीक्षा बैठक: पुलिस को शराब, आबकारी विभाग को नकदी के लेनदेन पर निगरानी के निर्देश
समीक्षा बैठक में संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटर, घोषित भगोड़े तथा अन्य अपराधियों के विरुद्ध निवारक उपाय करने व लंबित गैर जमानती वारंट के निष्पादन के निर्देश दिए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी पालरासु की अध्यक्षता में उपचुनाव के लिए सोमवार को राज्य नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। इसमें पुलिस के अलावा आबकारी एवं कराधान तथा आयकर विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में विभाग की ओर से तैयार राज्य निर्वाचन सुरक्षा योजना पर चर्चा की गई। सीमावर्ती क्षेत्रों, जिलों अथवा राज्य की सीमाओं पर जांच व रोकथाम के व्यापक प्रबंध करने, अंतर जिला व अंतर राज्यीय नाकों और अन्य प्रवेश स्थलों पर 24 घंटे निगरानी तथा पड़ोसी राज्य अथवा जिलों से शराब, ड्रग्स, नकदी, अवैध शस्त्र इत्यादि की संभावित खपत पर नियंत्रण व निगरानी के लिए उन जिलों अथवा राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया।
संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटर, घोषित भगोड़े तथा अन्य अपराधियों के विरुद्ध निवारक उपाय करने व लंबित गैर जमानती वारंट के निष्पादन के निर्देश दिए गए। शस्त्र जमा करवाने, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के लिए कार्य योजना, उड़नदस्तों व अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा दैनिक आधार पर विभिन्न गतिविधियों की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को निर्देश दिए कि उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक आरटीओ चेकपोस्ट और सीमाओं पर सभी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखें।
कांगड़ा, सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, लाहौल-स्पीति तथा चंबा जिले के सभी शराब भंडारों व भट्टियों को चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी के अधीन रखने तथा पुलिस कर्मियों की समुचित व्यवस्था कर बिना वैध लाइसेंस के किसी भी तरह की शराब की आपूर्ति पर नजर रखने को कहा गया। आयकर विभाग को निर्देश दिए गए कि हवाई अड्डों, होटल, वित्तीय दलालों रोकड़ संदेशवाहकों और अन्य संदिग्ध एजेंसियों अथवा व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखें।
विभाग को संबंधित जिलों की प्रवर्तन एजेंसियों व जिला निगरानी सेल के साथ समन्वय बनाने तथा 10 लाख से अधिक संदिग्ध प्रकृति के जमा अथवा निकासी के मामलों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक एपी एंड टी जेपी सिंह, अतिरिक्त निदेशक अन्वेषण आयकर अंकुर आल्या, नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त आयुक्त राज्य कर एवं आबकारी हितेश शर्मा, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नीलम दुल्टा तथा उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी एचएल धीमान भी उपस्थित थे।
मतदाता को शराब, पैसे बांटने की सूचना मिले तो करें सख्त कार्रवाई : कुंडू
डीजीपी संजय कुंडू की अध्यक्षता में सोमवार को पुलिस मुख्यालय में साप्ताहिक अपराध समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान उपचुनाव को देखते हुए डीजीपी ने सभी जिलाें के एसपी को निर्देश दिए कि मतदाताओं को लुभाने वाली सामग्री जैसे शराब, घरेलू सामान, नशीले पदार्थ आदि के वितरण पर निगरानी रखें और सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रदेशभर में स्थापित शराब उत्पादक इकाइयों व थोक वितरण गोदामों से किसी भी सूरत में किसी प्रकार से अवैध शराब की निकासी कर वितरण न हो सके। अगर ऐसा कोई मामला सामने आए तो सामग्री जब्त करने के साथ सप्लाई करने वाली इकाई के खिलाफ भी कार्रवाई करें। पुलिस मुख्यालय को भी सूचना देने के निर्देश दिए।