हिमाचल में खत्म होगा डेढ़ महीने का सूखा, होने वाली है बारिश-बर्फबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में करीब डेढ़ महीने बाद मौसम करवट बदलने जा रहा है। सितंबर माह से एक तरह सूखा झेल रहे प्रदेश में 13 से 16 नवंबर तक बारिश और हिमपात के आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 13 को उच्च पर्वतीय इलाकों जबकि 14, 15 एवं 16 नवंबर को पूरे प्रदेश में बारिश होगी।
पहाड़ी इलाकों में इस दौरान हिमपात के भी आसार हैं। गौर हो कि 28 सितंबर के बाद प्रदेश में बारिश नहीं हुई है। फसलों के लिए बारिश की बेहद जरूरत है, ऐसे में सूखे की मार झेल रहे किसानों-बागवानों को राहत मिल सकती है। राजधानी शिमला में दो दिन से बादल छाए हुए हैं। मौसम के इस बदले मिजाज से ठंड बढ़ गई है।
शनिवार को लाहौल-स्पीति के जिला मुख्यालय केलांग में दिन का न्यूनतम तापमान शून्य के आसपास और रात को पारा माइनस पांच डिग्री रिकार्ड किया गया है। ठंड के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में कई जल स्रोत बर्फ में तबदील होने लगे हैं। बिलासपुर और नाहन के छोड़ कर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। मौसम के इस बदले मिजाज से आने वाले दिनों में और ठंड बढ़ेगी।
दो दिन बाद बंद हो जाएगा रोहतांग दर्रा
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रा 15 नवंबर से आधिकारिक तौर पर बंद हो जाएगा। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन पैदल राहगीरों की मदद के लिए मढ़ी और कोकसर में बचाव चौकियां स्थापित करने जा रहा है।
इसके बाद 13050 फीट ऊंचे दर्रे से वाहनों को बिना पंजीकरण नहीं भेजा जाएगा। स्तींगरी में तैनात 70 आरसीसी के ओसी लेफ्टिनेंट कर्नल विजय कुमार ने बताया कि रोहतांग के लिए आवाजाही बहाल रखेंगे जब तक मौसम खराब नहीं होता।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति देवी सिंह नेगी ने बताया कि घाटी के लोगों ने जरूरत की सभी वस्तुओं का भंडारण कर लिया है। 15 नवंबर से दर्रा आधिकारिक तौर पर बंद हो जाता है, लेकिन जब तक मौसम साफ रहता है लोग आवाजाही करते रहते हैं।
कहां कितना न्यूनतम पारा
केलांग 1.0
कल्पा 2.0
मनाली 4.0
शिमला 9.9
धर्मशाला 9.0
सुंदरनगर 6.7
भुंतर 6.0
ऊना 9.6
सोलन 7.5
मंडी 8.2
हमीरपुर 9.9
चंबा 7.2