Cement plant dispute: दाड़लाघाट में गरजे ट्रक ऑपरेटर, एक घंटे एनएच किया जाम
ऑपरेटर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर अंबुजा के मुख्य द्वार से होते हुए बस स्टैंड दाड़ला, आईटीआई दाड़ला, स्यार से होते हुए अंबुजा चौक तक पहुंचे। यहां ऑपरेटरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में मालभाड़े को लेकर चल रहे विवाद के बीच मंगलवार को सैकड़ों ट्रक ऑपरेटरों ने अंबुजा चौक से आक्रोश रैली निकालकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग 205 एक घंटे के लिए जाम कर दिया। ऑपरेटर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर अंबुजा के मुख्य द्वार से होते हुए बस स्टैंड दाड़ला, आईटीआई दाड़ला, स्यार से होते हुए अंबुजा चौक तक पहुंचे। यहां ऑपरेटरों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गर्जना के साथ अदाणी समूह होश में आओ, केंद्र सरकार होश में आओ, प्रदेश सरकार होश में आओ, स्थानीय विधायक होश में आओ इत्यादि नारेबाजी करते हुए खूब गुबार निकाला। यहां पर ट्रक ऑपरेटरों ने जनसमूह को संबोधित कर सरकार के खिलाफ अपना रोष जताया।
समर्थन न किया तो नेताओं का विरोध करेंगे
ट्रक ऑपरेटरों ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के बड़े नेता, विधायक और सांसद उनके आंदोलन के समर्थन में नहीं उतरे तो वे उनका विरोध करेंगे। ऑपरेटरों ने संसदीय क्षेत्र शिमला के सांसद सुरेश कश्यप पर निशाना साधते हुए कहा कि ट्रक ऑपरेटर 35 दिन से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सांसद ने उनकी सुध लेना भी जरूरी नहीं समझा। मालभाड़ा विवाद के समाधान की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही। प्रदेश सरकार इस मसले के हल का आश्वासन दिए जा रही है। वहीं, केंद्र सरकार में मंत्री अनुराग ठाकुर और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा भी हिमाचल से संबंध रखते हैं। उनकी ओर से भी इस मसले पर कोई भी टिप्पणी अभी तक सामने नहीं आई।
21 को मुख्यमंत्री से मिलेंगे ट्रक ट्रांसपोर्टर
ट्रांसपोर्टरों ने 19 जनवरी को नौणी से बिलासपुर तक विशाल आक्रोश रैली निकालने और उपायुक्त बिलासपुर को ज्ञापन देने का निर्णय लिया है। बाघल लैंडलूजर के पूर्व प्रधान राम कृष्ण शर्मा व एडीकेएम सभा के पूर्व प्रधान बालक राम शर्मा ने कहा कि दाड़लाघाट की आठ सभाओं की कोर कमेटी ने निर्णय लिया कि 21 जनवरी को शिमला सचिवालय में प्रदेश के तमाम ट्रक ऑपरेटर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को एक ज्ञापन सौंपेंगे। शिमला सचिवालय में जाने के बाद ही चक्का जाम, महापंचायत करने को लेकर अगली रणनीति बनाई जाएगी।
19 की रैली में जो ट्रक ऑपरेटर नहीं आया उसकी सदस्यता होगी रद्द
बिलासपुर जिला ट्रक ऑपरेटर सहकारी सभा (बीडीटीएस) बरमाणा ने मंगलवार को ट्रक ऑपरेटरों के साथ बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि जो ट्रक ऑपरेटर 19 जनवरी को बिलासपुर में प्रस्तावित रैली में भाग नहीं लेगा, उसकी बीडीटीएस से सदस्यता खत्म कर दी जाएगी। उस ट्रक ऑपरेटर को सीमेंट से जुड़ा काम नहीं दिया जाएगा। बता दें कि दाड़ला और बरमाणा यूनियन 19 जनवरी को बिलासपुर में पहली बार एकसाथ रैली करने जा रही हैं।
सभा के प्रधान राकेश ठाकुर ने सभी ट्रक ऑपरेटरों को बताया है कि 19 जनवरी को सुबह 11:00 बजे नौणी चौक के साथ फोरलेन लिंक पर एक महासभा का आयोजन किया जाएगा। इसमें दाड़लाघाट के ट्रक ऑपरेटर भी शामिल होंगे।
वहां से रैली निकालकर उपायुक्त कार्यालय बिलासपुर जाएंगे। आग्रह किया कि सभी सदस्य इस रैली में अपनी हाजिरी अति आवश्यक समझे। रैली में हर वार्ड नंबर की अलग-अलग हाजिरी लगेगी। सभा पर आए इस संकट में जो सदस्य गैर हाजिर रहेगा, उसकी गाड़ी सभा से बाहर कर दी जाएगी। एसीसी सीमेंट प्लांट में किराये को कम करने के लिए अदाणी समूह ने फैक्ट्री के गेट पर 14 दिसंबर को ताला जड़ दिया था। अदाणी लगातार एक माह से सरकार और यूनियनों पर दबाव बना रहा है कि पहले सीमेंट ढुलाई का किराया साल 2006 के अनुसार करें, उसके बाद ही कंपनी का ताला खुलेगा। ट्रक ऑपरेटर इसके लिए तैयार नहीं है। ऑपरेटरों का कहना है कि 11.41 रुपये प्रति किलोमीटर प्रति टन ही दाम होंगे।