कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के संरक्षण को चलेगा अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के संरक्षण के लिए अभियान चलेगा।राज्यपाल आचार्य देवव्रत 12 मई को कालका-शिमला रेलवे ट्रैक के संरक्षण और सफाई के लिए जागरूकता अभियान का शुभारंभ करेंगे।
राज्यपाल पुराने बस स्टैंड के पास भलकू संग्रहालय से सफाई अभियान का शुभारंभ करेंगे और शिमला स्थित रेलवे स्टेशन तक 800 मीटर की दूरी तक पैदल चलकर कालका शिमला रेलवे ट्रैक के संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान का नेतृत्व करेंगे।
इसी प्रकार कालका-शिमला रेलवे ट्रैक पर चिह्नित 43 स्थानों पर भी यह अभियान चलेगा। यह निर्णय मंगलवार को हिप्र राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण व अन्य हितधारकों की बैठक में लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय करोल ने की। इस अवसर पर न्यायमूर्ति करोल ने ट्रैक के संरक्षण और सफाई पर जोर दिया।
कहा कि युवा पीढ़ी को उनकी धरोहरों के बारे में संवेदनशील बनाना अति आवश्यक है। बच्चों को सामाजिक गतिविधियों के साथ जोड़ने की आवश्यकता है क्योंकि वे समाज में जागरूकता उत्पन्न करने में मुख्य प्रचारक के रूप में अहम भूमिका निभाते हैं।
छात्र, अधिकारी और कर्मचारी लेंगे हिस्सा
इस अभियान के अंतर्गत ट्रैक पर वाक के लिए रेल मार्ग को दो किलोमीटर के 43 खंडों में विभाजित किया गया है। इसमें जिला सोलन में 67 किलोमीटर लंबे क्षेत्र में फैले 32 खंड और जिला शिमला में 23 किलोमीटर क्षेत्र में 11 खंड बनाए गए हैं।
इसी तरह विद्यार्थियों के 43 समूह तथा अन्य प्रतिभागी भी अभियान में शामिल होंगे जो अपने निर्देशित क्षेत्र में रेल लाइन के किनारे कूड़ा-कचरा एकत्रित करेंगे।
विद्यार्थियों के अलावा पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधि, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला मंडलों, युवक मंडलों, क्लबों, नगर निकायों के अतिरिक्त वकील, वन कर्मी, मेडिकल स्टाफ, पुलिस, नागरिक सुरक्षा, परिवहन संघ आदि में अभियान में शामिल होंगे।