पच्छाद में भाजपा टिकट के तलबगारों की फेहरिस्त लंबी, कांग्रेस से ये हैं दावेदार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव का एलान होते ही टिकट के तलबगारों की धुकधुकी बढ़ गई है। अभी तक किसी भी दल ने अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है लेकिन चाहवानों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। टिकट की दौड़ में सबसे अधिक नेता भाजपा में सामने आ रहे हैं। कांग्रेस में पूर्व विधायक जीआर मुसाफिर के नाम पर नेताओं ने खुले मंच से मुहर जरूर लगाई है, लेकिन तीन और नाम सामने आ गए हैं।
लोकसभा चुनाव लड़कर विधायक से सांसद बने सुरेश कश्यप की जगह पच्छाद विस क्षेत्र की यह सीट खाली हुई है। सुरेश कश्यप और कृषि एवं विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी गिरिपार यानी सराहां क्षेत्र से हैं। इसलिए, गिरिपार राजगढ़ के लोग चाहते हैं कि क्षेत्रीय संतुलन को साधते हुए विधायक का उम्मीदवार यहां से हो। वहीं, एक धड़ा महिला प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारने के लिए लॉबिंग में जुटा है।
महिला नेताओं की फेहरिस्त में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष दयाल प्यारी का नाम सामने आ रहा है। रीना कश्यप भी टिकट की दौड़ में शामिल बताई जा रही हैं। एबीवीपी से राजनीति की शुरुआत करने वाले आशीष सिक्टा, प्रेम कश्यप, हीरापाल सिंह, सुनील डोगरा, सुखपाल, अजय कुमार आदि टिकट के दावेदारों में शुमार हैं।
सराहां क्षेत्र में भी भाजपा टिकट पाने को होड़ मची है। बलदेव कश्यप, सुरेंद्र चौहान, दयाल प्यारी, राजेश कुमार, रंगीराम भट्टी व विष्णुदत्त के नाम चर्चाओं में हैं। उधर, बागथन में डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर बड़े नेताओं की ओर से कांग्रेस के पूर्व विधायक जीआर मुसाफिर के नाम पर वोट मांगे गए।
खुले मंच से प्रदेश स्तर के नेताओं ने मुसाफिर को जीताने का आह्वान किया। लिहाजा, कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस एक बार फिर मुसाफिर पर दांव खेल सकती है। लेकिन, कांग्रेस की ओर से दिनेश आर्य, बाबू राम और रक्न कश्यप जैसे नाम सामने आने लगे हैं। बहरहाल, किस दल से कौन उम्मीदवार होगा ? कुछ ही दिनों में यह तस्वीर साफ हो जाएगी।