धौलाधार की वादियों पर फिदा हुए बॉलीवुड एक्टर जिम्मी शेरगिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड अभिनेता जिम्मी शेरगिल धौलाधार की वादियों पर फिदा हो गए हैं। बकौल जिम्मी शूटिंग के लिए धर्मशाला बेहतरीन है। वह मैक्लोडगंज के नड्डी में फिल्म ‘चौहान’ की शूटिंग के सिलसिले में आए हुए हैं। नड्डी में फिल्म का गाना फिल्माया जा रहा है।
शूटिंग के अंतिम दिन अनौपचारिक बातचीत में जिम्मी शेरगिल ने कहा कि उन्होंने अपने अभिनय जीवन की शुरुआत माचिस फिल्म से की थी, जिसकी शूटिंग कुल्लू-मनाली में हुई थी, लेकिन धर्मशाला में वह पहली बार शूटिंग के लिए आए हुए हैं।
‘चौहान’ का निर्देशन मनोज झा कर रहे हैं। यह फिल्म हरियाणा निवासी एसपी चौहान और उनकी पत्नी सीमा चौहान के जीवन पर आधारित है। इन दोनों के जीवन में इससे पहले किताब भी लिखी जा चुकी है।
फिल्म में जिम्मी शेरगिल अभिनेता हैं, जबकि युविका चौधरी ने अभिनेत्री का किरदार निभाया है। आने वाले समय में जब भी उन्हें हिमाचल में शूटिंग का अवसर मिलेगा तो वह धर्मशाला में शूटिंग करने का सुझाव देंगे।
फिल्मों में पैदा होने वाले विवाद से फिल्मी दुनिया या फिल्म बनाने वालों को कभी लाभ नहीं होता। यह हो सकता है किसी व्यक्ति विशेष का प्रचार हो जाता है, लेकिन फिल्म का नहीं।
यदि पद्मावत फिल्म में विवाद न हुआ होता और पूरे देश में एक साथ रिलीज होती तो फिल्म की आर्थिक स्थिति कुछ और ही होती।
बहुत खूबसूरत है धर्मशाला
अभिनेत्री युविका चौधरी कहती हैं कि जब उन्हें पता चला कि गाने की शूटिंग धर्मशाला में हो रही है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। क्योंकि उन्होंने इससे पहले कभी धर्मशाला नहीं देखा था। जिस तरह दोस्तों से धर्मशाला की खूबसूरती के बारे में सुना था, यह उससे भी खूबसूरत है।
युवा वर्ग को प्रेरणा देगी फिल्म
निर्देशक मनोज झा का दावा है कि चौहान दंपती के जीवन पर बनाई गई यह फिल्म युवाओं को प्रेरणा देगी। इसमें संदेश देने की कोशिश की गई है कि सच्चाई की राह पर चलकर हर कोई अपनी मंजिल पा सकते हैं।
फिल्म के गानों में आवाज दी है सुनिधि चौहान और सोनू निगम ने। इस गाने की शूटिंग के लिए वह पहले मनाली, शिमला और चायल गए थे, लेकिन संतुष्ट नहीं हुए। बाद में उनके एक मित्र ने धर्मशाला का सुझाव दिया। फिल्म की अधिकतर शूटिंग हरियाणा के करनाल में हुई है।