Himachal Disaster: पीएम मोदी ने उच्च स्तरीय बैठक में हिमाचल आपदा का जाना हाल, नड्डा करेंगे राज्य का दौरा
प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर लगभग एक घंटे तक चली बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नड्डा भी मौजूद रहे। बीते कई दिनों से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के चलते तबाही की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के चलते हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। प्रधानमंत्री ने राज्य में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा भी की। ताजा हालात का जायजा करने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पर लगभग एक घंटे तक चली बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष नड्डा भी मौजूद रहे। बीते कई दिनों से हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के चलते तबाही की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं।
मकान के मकान देखते ही देखते जमींदोज हो गए हैं। बीते चार दिन में ही 78 लोगों की जान चली गई है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लेकिन अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। प्रधानमंत्री ने राज्य में चल रहे राहत और बचाव कार्यों की भी जानकारी ली। साथ ही लोगों को जरूरी राहत पहुंचाने के लिए कुछ निर्देश दिए। भाजपा अध्यक्ष नड्डा अपने गृह राज्य में आपदा से हुई तबाही का जायजा लेने रविवार को शिमला पहुंचेंगे। वह प्राकृतिक त्रासदी में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे। साथ ही शिमला के समरहिल इलाके में भूस्खलन में ध्वस्त हुए प्राचीन शिव मंदिर स्थल का भी दौरा करेंगे, जहां अभी भी बचाव कार्य चल रहा है। राज्य सरकार ने बीते शुक्रवार को राज्य में हुई तबाही को आपदा घोषित कर दिया था।
तीन जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा रविवार को सबसे पहले सिरमौर जिले के पांवटा साहिब पहुंचेंगे। नड्डा सुबह 9:05 बजे शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सतौन में हेलिकाप्टर से आएंगे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सिरमौरी ताल में नुकसान का जायजा लेंगे। साथ ही पांवटा साहिब-शिलाई एनएच 707 पर कच्ची ढांक का निरीक्षण भी करेंगे। वह प्रभावित परिवारों से मिलने के बाद 10:30 बजे शिमला के लिए रवाना होंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शनिवार को नाहन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नुकसान का जायजा लेने के दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप और वह स्वयं भी मौजूद रहेंगे। 11:00 बजे नड्डा शिमला पहुंचेंगे। यहां वह शिव बावड़ी मंदिर और कृष्णा नगर में आपदा प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेंगे। दोपहर 1:00 बजे पीटरहाफ में अधिकारियों के साथ राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों पर चर्चा करेंगे। यहां से वह 2:30 बजे बिलासपुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर बाद 3:15 बजे नड्डा सर्किट हाउस बिलासपुर पहुंचेंगे। यहां भी नड्डा प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। साथ ही पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात करेंगे। 4:40 बजे वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
हिमाचल में 24 जून से मानसून के बाद अब तक वर्षाजनित घटनाओं में 221 लोगों की जान जा चुकी है और बड़ी संख्या में लोग घायल और बेघर हुए हैं। संपत्तियों का भी भारी नुकसान हुआ है। 11,600 से अधिक घर आंशिक या पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। शनिवार को भी 151 मकान गिरे जबकि 106 क्षतिग्रस्त हुए हैं। 118 गोशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।