जंगल की आग से बाइक और स्कूटी जलकर राख, गांव को ऐसे बचाया
हिमाचल के जिले मंडी में नाचन वन मंडल के तहत पठान के जंगल में बुधवार दोपहर बाद अचानक आग भड़कने से सड़क किनारे खड़ी बाइक और स्कूटी जलकर राख हो गई। वहीं, पठान गांव जलने से बाल-बाल बच गया।
पठान गांव के नंद किशोर पुत्र शिविया ने अपनी बाइक व स्कूटी को घर से थोड़ी दूर सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था। जंगल में अचानक आग फैल गई और कुछ ही समय में सड़क तक पहुंच गई। जिससे दोनों दुपहिया जलकर राख हो गए।
करोड़ों की वन संपदा राख
हालांकि, ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की, लेकिन बाइक और स्कूटी को नहीं बचाया जा सका। उधर, डीएफओ टीआर धीमान ने कहा कि वन विभाग की टीम को घटनास्थल पर भेजा गया।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने आग पर काबू करने के लिए ग्रामीणों का सहयोग किया। आग की इस घटना से करोड़ों रूपये की वन संपदा राख हो गई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
वहीं, एसएचओ गोहर मनोज वालिया ने बताया कि मामला दर्ज कर दिया है और छानबीन शुरू कर दी है। एसडीएम अनिल भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र में गर्मी के मौसम में आगजनी की यह पहली घटना है।