HP Politics: राजीव शुक्ला बोले- नौकरियां दी नहीं, अब गुमराह करने के लिए कर रहे युवा विजय संकल्प रैली
शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर राजीव शुक्ला ने कहा कि शनिवार की रैली में प्रधानमंत्री को बेरोजगारी दूर करने की नीति को स्पष्ट करना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि देश और प्रदेश के युवाओं को केंद्र और राज्य सरकारों ने नौकरियां देने का वादा अभी तक पूरा नहीं किया है। अब युवा विजय संकल्प रैली कर युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। प्रदेश में करीब 5.20 लाख युवा बेरोजगार हैं। अग्निवीर योजना से हजारों युवा आहत हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शनिवार को होने वाली मंडी रैली से पहले कांग्रेस ने भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर राजीव शुक्ला ने कहा कि शनिवार की रैली में प्रधानमंत्री को बेरोजगारी दूर करने की नीति को स्पष्ट करना चाहिए।
राजीव शुक्ला ने सिरमौर के हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति दर्जा देने की घोषणा को जुमला करार दिया। उन्होंने कहा कि कैबिनेट से मंजूरी मिलने से कुछ नहीं होता है। मामले को संसद में पास करवाना होगा। हिमाचल प्रदेश सरकार पर 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज है। प्रति वोटर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज हो गया है। 51 फीसदी कर्ज बीते पांच साल में बढ़ा है। प्रधानमंत्री को इस मामले पर भी रैली के माध्यम से कुछ कहना चाहिए। हिमाचल की जयराम सरकार चुनावों को देखते हुए सरकारी खर्च पर रैलियां कर रही हैं।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि सेब कार्टन पर जीएसटी लगाकर बागवानों की कमर तोड़ दी है। जब भी प्रधानमंत्री हिमाचल आते हैं तो प्रदेश की जनता को लगता है कि कुछ सौगात देकर जाएंगे। पिछली बार भी चुनाव से पहले कई वादे किए गए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। मंडी में ही प्रधानमंत्री कह चुके हैं कि बोतल बंद पेप्सी, कोक में पांच प्रतिशत नेचुरल फ्रूट जूस मिलेगा। इससे सेब समेत अन्य फलों की मांग बढ़ेगी। यह वादा भी जुमला साबित हुआ।