Solan News: आयुष विभाग प्रदेश में करेगा मधुमेह और बीपी पर सर्वेक्षण, टीमें गठित
प्रदेश आयुष विभाग प्रदेशभर में घर-घर जाकर मधुमेह और उच्च रक्त चाप (बीपी) को लेकर सर्वे करेगा। विभाग की ओर से सर्वे के लिए जिलों में टीमों का गठन कर दिया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश आयुष विभाग प्रदेशभर में घर-घर जाकर मधुमेह और उच्च रक्त चाप (बीपी) को लेकर सर्वे करेगा। विभाग की ओर से सर्वे के लिए जिलों में टीमों का गठन कर दिया है। गठित टीमें घरद्वार पर जाकर पीड़ित मरीजों का पता लगाएगी। मरीजों का पता लगाने के बाद रिपोर्ट तैयार कर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को भी भेजी जाएगी। इसी के साथ आयुर्वेदिक पद्धतियों के माध्यम से बीमारियों का उपचार भी किया जाएगा। आयुष विभाग ने केंद्र सरकार के कार्यक्रम के तहत इन लोगों का पता लगाने का काम किया जा रहा है। गौर रहे कि उच्च रक्तचाप और मधुमेह से अधिकतम लोग पीड़ित हैं। कई बार लोगों को इस बीमारी की जानकारी नहीं होती है। वहीं बीपी और मधुमेह का कई बार पता भी नहीं चल पाता है।
इससे व्यक्ति अन्य बीमारी की चपेट में आ जाता है। जब अन्य बीमारी का इलाज करवाने के लिए अस्पताल जाता है तो व्यक्ति को मधुमेह और उच्च रक्तचाप की जांच की जाती है। जांच में व्यक्ति इस बीमारी से ग्रसित पाए जाते है। जिसके बाद ही व्यक्ति को इसके बारे में पता लगता है और उपचार शुरू होता है। इसी को देखते हुए आयुष विभाग की ओर से अब इन लोगों का पता लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। आयुष विभाग की टीम इस सर्वे के दौरान घरद्वार पर जाकर लोगों की जानकारी लेगी। वहीं बीमारी का संदेह होने पर स्वास्थ्य की जांच करेगी। साथ ही बीमारी से ग्रस्त पाए जाने पर आयुष विभाग की ओर से व्यक्ति का उपचार किया जा सकेगा ताकि अन्य गंभीर बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
आयुष विभाग की ओर से उच्च रक्तचाप और मधुमेह के मरीजों का घरद्वार पर पता लगाया जाएगा। वहीं बीमारी का पता लगाकर मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है और घरद्वार पर मरीजों का पता लगाना शुरू कर दिया है। -डॉ. प्रवीण शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, सोलन