मंत्री के सामने डीसी ने मंच से उतार दिए उपप्रधान, गरमा गया माहौल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले पांच दशकों से बन रही गुलेर से धार लूणसु सड़क के मामले ने जनमंच के मंच पर थोड़ी देर के लिए माहौल गरम कर दिया। सड़क का काम पूरा न होने की शिकायत लेकर धार पंचायत के उपप्रधान जनमंच कार्यक्रम के दौरान मंच पर पहुंचे तो उपायुक्त ने उन्हें मंच से नीचे उतरकर बात करने की नसीहत दे डाली।
मामला देहरा विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर का है। यहां पर जनमंच के दौरान खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री किशन कपूर जन समस्याएं सुन रहे थे। उसी दौरान धार पंचायत के उपप्रधान नितिन ठाकुर अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मंत्री के समक्ष पहुंच गए। वह अपनी बात रख रहे थे कि अधिकारी ने उन्हें मंच से नीचे उतरने को कह दिया। इस दौरान किशन कपूर सब देखते रहे।
नितिन ठाकुर कहा कि धार लूणसु गांव के लिए साल 1972 से सड़क का काम शुरू हुआ था, जो अब तक पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि, साल 2013 में सड़क की चौड़ाई और पुलियों का कार्य शुरू किया गया, जो पूरा हो चुका है। लेकिन, सड़क अभी भी नहीं बनी है। ठाकुर ने कहा कि गांव में सड़क सुविधा न होने से यहां के युवाओं को बेटी ब्याहने को कोई तैयार नहीं होता।
पांच दशक से सड़क का काम पूरा न होने की शिकायत लेकर पहुंचे थे
क्योंकि, करीब 14 किलोमीटर पैदल चलकर उन्हें गांव पहुंचना पड़ता है। अब तो कच्ची सड़क का भी नामोनिशान मिट गया है। सड़क न होने से पंचायत की 5500 जनसंख्या को परेशानी हो रही है। क्षेत्र को सड़क सुविधा न मिलने से 54 परिवार पलायन कर चुके हैं। इसमें अधिकतर परिवार ऐसे हैं, जिनके बुजुर्ग बीमार थे या उनके बच्चों को पैदल स्कूल जाने में दिक्कतें पेश आती थी।
ठाकुर ने कहा कि वह आम आदमी बनकर सड़क समस्या लेकर गए थे। लेकिन, उपायुक्त ने उनकी समस्या सुनने की बजाए टालने का प्रयास किया। ऐसे में उन्होंने उपायुक्त को केवल यही कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समस्या लेकर आए हैं।
उसका आप मंच के ऊपर हल करें या फिर हमें नीचे उतारकर। वहीं, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने मामले में एक्सईएन लोक निर्माण विभाग और डीएफओ देहरा को जेसीबी ले जाकर तुरंत सड़क का काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को शांत करते हुए कहा कि आपकी समस्या का शीघ्र समाधान होगा।
अमर उजाला ने भी उठाया था सड़क का मामला- धार लुणसू गांव में सड़क की समस्या का मुद्दा 20 फरवरी 2017 को अमर उजाला ने भी प्रमुखता से उठाया था। अमर उजाला की टीम ने गांव में जाकर क्षेत्र की समस्याओं को लेकर ग्राउंड रिपोर्ट की थी। इसमें लोगों ने सड़क समस्या को टीम के समक्ष रखा था।
जनमंच में लोग समस्या लेकर आते हैं। भीड़ में लोग अपनी बात ठीक से नहीं रख पाते। मंच पर अव्यवस्था न बने, इसलिए मंच पर भीड़ जमा न करने के लिए कहा गया ताकि सभी की समस्याओं को आराम से सुना जा सके। - संदीप कुमार, उपायुक्त कांगड़ा