नड्डा के बाद अनुराग को भी मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के सबसे युवा सांसद अनुराग ठाकुर को जल्द ही भाजपा में और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। पार्टी के भीतर उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष के अलावा पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव भी बनाया जा सकता है।
राज्य में संतुलन बनाने के लिए पार्टी की ओर से यह कदम उठाया जा सकता है। अनुराग हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से लगातार तीन बार जीतकर संसद में पहुंचे हैं। इतना ही नहीं पार्टी की ओर से उन्हें तीसरी बार भाजयुमो का अध्यक्ष बनाया गया है।
लोकसभा चुनाव के बाद अनुराग ठाकुर मंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। सबसे तेजी से उन्हीं का नाम चला था, लेकिन उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया। पहले मंत्रिमंडल विस्तार में प्रदेश के राज्यसभा सांसद जेपी नड्डा ने बाजी मार ली।
बीसीसीआई में भी बढ़ेगी भूमिका
अनुराग के बजाय मोदी ने नड्डा को अहमियत दी। सूत्रों का कहना है कि अब भाजपा नेतृत्व हिमाचल के भीतर संतुलन बनाने के लिए पार्टी के भीतर उनका कद बढ़ा सकती है। सूत्रों का यह भी कहना है कि पार्टी की ओर से अनुराग ठाकुर को इसके संकेत भी दिए जा चुके हैं, जिससे 2017 के विधानसभा चुनाव में सभी ध्रुवों के बीच संतुलन बनाकर लोकसभा की तर्ज पर ही जीत दर्ज की जा सके।
बीसीसीआई में बढ़ेगी भूमिका
अनुराग ठाकुर की भविष्य में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में भूमिका बढ़ सकती है। बीसीसीआई के भीतर उनका कद बढ़ सकता है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद बीसीसीआई पर इसका असर पड़ना तय है।
ऐसे में राजीव शुक्ला और शरद पवार के बजाय अनुराग की भूमिका बढ़ सकती है। अनुराग ठाकुर अभी बीसीसीआई में संयुक्त सचिव के पद की कमान संभाल रहे हैं।