फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Shimla News ›   Amit Shah Rally in chamba Live updates

राहुल बाबा कान खोल के सुनो, आतंकवादियों के साथ इलू-इलू करना है तो करो: अमित शाह

Sun, 12 May 2019 06:44 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंबा/बिलासपुर/नाहन (सिरमौर)
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंबा/बिलासपुर/नाहन (सिरमौर) Published by: अरविन्द ठाकुर Updated Sun, 12 May 2019 06:44 PM IST
विज्ञापन
Amit Shah Rally in chamba Live updates
- फोटो : अमर उजाला

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल में रविवार को एक के बाद एक तीन जनसभाओं को संबोधित किया। पहले चंबा के ऐतिहासिक चौगान में पार्टी प्रत्याशी किशन कपूर, फिर बिलासपुर के लुहणू मैदान में अनुराग ठाकुर और तीसरी जनसभा नाहन के चौगान में पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप के लिए की। शाह ने अपनी तीनों रैलियों में पूर्ववर्ती यूपीए सरकार और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। शाह ने कांग्रेस को सेना का मनोबल तोड़ने वाली पार्टी बताया और पाकिस्तान का हमदर्द। 

विज्ञापन


अमित शाह ने कहा कि राहुल बाबा कान खोल के सुनो, आतंकवादियों के साथ इलू-इलू करना है तो करो लेकिन मोदी सरकार आतंकियों को छोड़ेगी नहीं, क्योंकि अब भारत के पास मौनी बाबा जैसा नहीं, बल्कि दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने वाला प्रधानमंत्री है। अब पाक से कोई गोली आएगी तो भारत से पाक में गोला बरसेगा। उन्होंने राहुल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि देश में गर्मी बढ़ते ही वह किसके साथ कहां चले जाते हैं, इस बारे में उनकी मां को भी पता नहीं होता।
विज्ञापन


चंबा में शाह ने कहा कि यूपीए सरकार के समय सेना के जवानों के सिर काट कर बॉर्डर पर फेंक दिए जाते थे, लेकिन यूपीए सरकार के पीएम मनमोहन सिंह मौनी बाबा बने रहते थे। इससे सेना का मनोबल कम हो रहा था। अब देश को नरेंद्र मोदी जैसा प्रधानमंत्री मिला जो आतंकियों को करारा जवाब देता है। जब पाकिस्तान ने पुलवामा में आतंकी हमला करवाया तो प्रधानमंत्री ने वायुसेना से पाक में घुसकर आतंकियों के ठिकाने तबाह करवाए, लेकिन एयर स्ट्राइक ने कांग्रेस को बेचैन कर दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

Amit Shah Rally in chamba Live updates

कांग्रेस ने इसके सुबूत मांगने शुरू कर दिए। जब भी देशद्रोहियों पर सरकार ने कार्रवाई की, राहुल दोषियों के साथ खड़े दिखे। भाजपा कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करना चाहती है, जबकि कांग्रेस देशद्रोह की धारा को ही खत्म करने पर तुली है। इसका कारण यह है कि जेएनयू में भारत विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ मोदी ने देशद्रोह का मामला दर्ज करवाकर उन्हें जेल में बंद करवाया था। सरकार की यह कार्रवाई भी कांग्रेस को रास नहीं आई। 

उधर, बिलासपुर में शाह ने कहा कि वह चुनाव प्रचार में देश भर में गए। हर जगह भाषा और वेशभूषा बदली पर मोदी का नाम हर जगह है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश में एक ही नाम और नारा है मोदी-मोदी। यह नारा नहीं, बल्कि 125 करोड़ लोगों के दिल से निकला आशीर्वाद है। उन्होंने विपक्षी दलों के महागठबंधन को महामिलावट करार दिया। इस गठबंधन के नेता राहुल बाबा हैं, लेकिन वह देश में थोड़ी सी गर्मी होते ही विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं। 

शाह ने नाहन के चौगान में तीसरी जनसभा में कहा है कि चुनाव आएंगे-जाएंगे, किसी की जीत होगी और किसी की हार, लेकिन देश की सुरक्षा से भाजपा समझौता नहीं होने देगी। कांग्रेस कश्मीर का अलग प्रधानमंत्री चाहती है। राहुल बाबा कान खोल कर सुन लें, कश्मीर देश का अभिन्न अंग है। यदि हम सत्ता में नहीं भी रहे तो भी कश्मीर को देश से अलग नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा कि शिमला सीट पर दो फौजी मैदान में हैं। 70 सालों से फौजी वन रैंक वन पेंशन की लड़ाई लड़ते रहे, लेकिन कांग्रेस ने वन रैंक वन पेंशन का नाम ही ओनली राहुल, ओनली प्रियंका कर दिया। मोदी सरकार ने सत्ता में आते ही एक साल के भीतर फौजियों को वन रैंक वन पेंशन दी।

भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि जब बालाकोट में भारतीय वायुसेना ने हमला किया तो उस समय पाकिस्तान की तरह कांग्रेस कार्यालय में भी मातम छाया हुआ था। अमित शाह ने बिलासपुर के परमवीर चक्र विजेता संजय कुमार और हाल में ही आतंकी हमले में शहीद हुए तिलक राज को सभा में प्रणाम किया। अमित शाह ने कहा कि अनुराग के प्रयासों से संसदीय क्षेत्र में अथाह विकास हुआ है। अनुराग विकास पुरुष हैं, लेकिन लोग उम्मीदवार न देखकर केवल मोदी को वोट दें।

मोदी ने हिमाचल को दिए 69 एनएच, वीरभद्र सरकार में डीपीआर तक नहीं बनी : शाह

Amit Shah Rally in chamba Live updates

चंबा चौगान में रविवार को जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल को 69 नेशनल हाईवे दिए। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इन नेशनल हाईवे की डीपीआर तक नहीं बनवा पाए। भाजपा के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने 60 एनएच की डीपीआर बना दी है। यूपीए के समय में हिमाचल को पांच सालों में 44 हजार करोड़ का बजट मिलता था। नरेंद्र मोदी की सरकार ने पांच सालों में हिमाचल को दो लाख नौ हजार इकत्तीस करोड़ का बजट दिया। 

नाहन के चौगान में शाह ने जनसभा में कहा कि कांग्रेस राज में लोग इलाज नहीं करवा पाते थे। पिता बेटे को कहता था कि मुझे अस्पताल से वापस ले चल। मोदी सरकार ने आयुष्मान जैसी योजना शुरू कर इलाज आसान किया। पांच लाख तक का इलाज इस योजना के तहत मुफ्त मिल रहा है। सात करोड़ माताओं को चूल्हे दिए। आठ करोड़ शौचालय बनाकर माताओं-बहनों का सम्मान किया।

दो करोड़ घरों में बिजली दी और ढाई करोड़ लोगों को घर दिए। काम इतने हुए हैं कि सात दिन की भागवत कथा लगाकर भी इनकी गिनती नहीं हो सकती। शाह ने कहा कि हिमाचल से मोदी का खास लगाव रहा है। वह गुजरात से हैं या हिमाचल से, कई बार तो इसका भी पता नहीं चल पाता।

बिलासपुर में अमित शाह ने अपने आने में देरी की वजह बताते हुए कहा कि पठानकोट में सेना के हेलीकॉप्टर की गतिविधियां चल रही थीं। देरी से पहुंचने के लिए वे लोगाें से माफी मांगते हैं। इसके बाद भाषण में शाह ने कांग्रेस पर सीधे हमले किए। उन्होंने कहा कि सालों से देश को जिस नेता की तलाश थी, वह मोदी के रूप में पूरी होती नजर आ रही है। 

भाषण से पहले चंबा के धार्मिक स्थलों का लिया नाम
अमित शाह ने अपने भाषण में चंबा के प्रसिद्ध मंदिर चामुंडा मंदिर, सूही, लक्ष्मीनारायण मंदिर व अखंड चंडी का जिक्र किया। इन मंदिरों का नाम लेने के बाद ही उन्होंने अपना भाषण शुरू किया।

दिन भर सोशल मीडिया पर छाया रहा हिमाचल

Amit Shah Rally in chamba Live updates

हिमाचल की तीन लोकसभा सीटों पर वोटों की अपील के लिए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के एक दिवसीय दौरे के पूरे दिन हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया पर छाया रहा। प्रदेश भाजपा के आईटी सेल ने रविवार को तीनों रैलियों के लिए तीन अलग अलग हैशटैग ट्रेंड कराए। इसके अलावा फेसबुक पर भी अपने पेजों के माध्यम से रैलियों का लाइव प्रसारण कर लाखों लोगों तक अपनी पहुंच बनाई।

चंबा में रैली में पहुंचने से करीब आधे घंटे पहले भाजपा आईटी सेल ने शाह किशन 4 चंबा हैशटैग ट्रेंड कराना शुरू किया। चंबा से बिलासपुर रैली स्थल पर पहुंचने के बीच भाजपा ने दूसरा हैशटैग शाह 4 मोदी अनुराग और इसके बाद सिरमौर में आखिरी रैली के लिए अमित शाह इन शिमला हैशटैग ट्रेंड कराया। हजारों की संख्या में तीनों हैशटैग के साथ लोगों ने ट्वीट किए।

शाह के हिमाचल दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा के आईटी सह संयोजक पुनीत शर्मा और राहुल डोगरा ने सिरमौर, शिमला, सोलन, कांगड़ा, चंबा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर के आईटी प्रभारियों के साथ मिलकर एक दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। डोगरा ने बताया कि हर संसदीय क्षेत्र की टीम

को उसके क्षेत्र के लिए बनाए गए हैशटैग को ट्रेंड कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। कहा कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोलन आगमन के लिए भी प्रदेश भाजपा आईटी टीम खास तैयारी कर रही है। वहीं, भाजपा के फेसबुक पेज पर भी सभी रैलियों को लाइव दिखाकर लाखों लोगों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया गया।

अनुराग छोटा भाई वाला वीडियो हुआ वायरल
बिलासपुर में रैली के दौरान अमित शाह ने अनुराग ठाकुर को अपना छोटा भाई बता दिया। साथ ही कहा कि आप इन्हें सांसद बनाओ, बड़ा नेता हम बनाएंगे। भाषण के खत्म होने से पहले ही अनुराग के लिए दिया शाह का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ट्विटर, फेसबुक और वाट्सएप पर अनुराग समर्थक व आम लोग इस वीडियो को एक दूसरे तक पहुंचाते रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed