फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Amar Ujala Medhavi Chhatra Samman samaroh shimla today live updates, rohit thakur

Himachal Pradesh: मेधा का मान, हौसले से सपनों की उड़ान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नवाजे हिमाचल के होनहार

Wed, 06 Aug 2025 06:49 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला ब्यूरो, शिमला।
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला। Published by: Krishan Singh Updated Wed, 06 Aug 2025 06:49 PM IST
सार

 राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में हुए समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में शामिल 335 मेधावियों को सम्मानित किया।

विज्ञापन
Amar Ujala Medhavi Chhatra Samman samaroh shimla today live updates, rohit thakur
अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान से सम्मानित मेधावी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

झमाझम बरसते बादलों के बीच मेधावियों का मेला। खचाखच भरा राज्य अतिथिगृह पीटरहॉफ का ऐतिहासिक दरबार हाल। गले में चमकते कामयाबी के तमगों से दमकते

विज्ञापन

चेहरे। हौसले के पंखों से सपनों की उड़ान भरने का बेताब आत्मविश्वास से लबरेज प्रतिभाएं। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानित होते बच्चों को देख गाैरवान्वित अभिभावक। बुधवार को शिमला में अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में कुछ ऐसा ही नजारा था। भारी बारिश-भूस्खलन और मौसम की चुनौतियों को पार कर इस समारोह में पहुंचे मेधावियों ने संदेश दिया कि कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि यह एक पड़ाव है। पच्चीस साल बाद खुद को कहां देखना चाहते हैं.. इसे ध्यान रखकर आगे बढ़ें। कड़ी मेहनत, लग्न और प्रतिभा के दम पर उपलिब्ध हासिल करने वाले ये टॉपर एक बेहतर इंसान बनने का संकल्प भी लेकर गए हैं।
विज्ञापन



आप इसी जज्बे के साथ बढ़ें आगे राज्य सरकार देगी हर मदद : रोहित
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2025 को संबोधित करते हुए बच्चों से इसी जज्बे के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से हर मेधावी को अपना लक्ष्य प्राप्त करने में मदद दी रही है। आज की कड़ी मेहनत ही बेहतर कल बनाएगी। मेधावी बच्चों की प्रतिभा ने ही उन्हें विदेश तक पहुंचाया है। रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की संस्कृति के संरक्षण के लिए स्कूलों में स्थानीय बोलियों में संवाद करवाने की सरकार ने नई पहल की है। बदलते दौर में बच्चे अपनी जड़ों से भी जुड़े रहें, इसके लिए यह फैसला लिया गया है। हिमाचल प्रदेश साक्षरता दर में देश में अव्वल बन गया है। इसे लेकर जल्द ही राजधानी शिमला में बड़ा कार्यक्रम होगा। इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी आएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि होनहार बच्चे सिंगापुर और कंबोडिया के एक्सपोजर विजिट पर जा रहे हैं। बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में टॉपर्स रहे सम्मानित बच्चे अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा स्रोत बने हैं। मेरिट में आना बच्चों की बड़ी उपलब्धि है और इसके लिए वे सम्मानित किए गए हैं, पर उन्हें असली मंजिल पाने के लिए कड़ी मेहनत आगे भी जारी रखनी होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार जरूरतमंद छात्रों को जेईई और एमबीबीएस की कोचिंग करवा रही है। ऐसे मेधावी छात्र जो आर्थिक स्थिति अच्छी न होने के कारण कोचिंग नहीं ले पाते उन्हें समग्र शिक्षा अभियान के तहत निशुल्क कोचिंग उपलब्ध करवाई जा रही है। स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो इसके लिए आईआईटी के शिक्षक ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं।




अमर उजाला की ओर से स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला के शैक्षणिक सत्र 2024-25 की टॉप टेन मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन टॉपर्स में दसवीं कक्षा के 117, बारहवीं के विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय के 128 विद्यार्थी शामिल हैं। इनके अलावा शिमला शहर के 45 स्कूलों के मेधावी भी पुरस्कृत हुए। सम्मान समारोह के मुख्य सहयोगी एस्पायर आईआईटी एंड मेडिकल शिमला रहे।





क्रिसेंट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, कांगड़ी लोक नृत्य झमाकड़ा की प्रस्तुति से जमाया रंग
अमर उजाला के प्रतिभा सम्मान समारोह में राजधानी शिमला के क्रिसेंट पब्लिक स्कूल टुटू के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और कांगड़ा जिला के लोक नृत्य झमाकड़ा की प्रस्तुति देकर रंग जमाया। इस अकादमिक सम्मान समारोह में विद्यार्थियों की इन प्रस्तुतियों ने सभी मेधावियों, उनके अभिभावकों और अतिथियों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का आगाज दीप प्रज्वलन के बाद स्कूल की छात्रा महक, सोनक्षी, पल्लवी, लावन्या, आरवी जहान्वी, अर्पिता और दिव्यांशी की सरस्वती वंदनासे हुई। इसमें वाद्य यंत्रों पर भावन, भुवन, दीक्षित, नमन ने सहयोग दिया।  मेधावियों को सम्मानित किए जाने और मुख्य अतिथि के उद्बोधन से पहले स्कूल की छात्राओं तानिया, अर्निका, आकृति, प्रियांशी, योगिता, स्मृति, हर्षिता, हिमांजली, आदिति, मन्नत, महक, अर्पिता, आयना, शयन ने कांगड़ी लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक प्रस्ततुतियां देने वाले इन क्रिसेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के इन छात्र कलाकारों और शिक्षिका सुमन को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया ।

सरकार जरूरतमंदों को दे रही जेईई, एमबीबीएस की कोचिंग : रोहित
 शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद विद्यार्थियों को जेईई और एमबीबीएस की कोचिंग करवा रही है। ऐसे मेधावी छात्र जो वित्तीय स्थिति अच्छी न होने के कारण कोचिंग नहीं ले पाते उन्हें समग्र शिक्षा अभियान के तहत अवंती फाउंडेशन के सहयोग से निशुल्क कोचिंग उपलब्ध करवाई जा रही है। छात्रों का ऑफलाइन टेस्ट लेकर चयन किया जा रहा है। स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो इसके लिए आईआईटी के शिक्षक शाम के समय ऑनलाइन कक्षाएं ले रहे हैं। इसके अलावा 10 से 15 दिन के बूट कैंप आयोजित कर कॅरिअर काउंसलिंग भी करवाई जा रही है। छात्रों को कॉलेजों के चयन को लेकर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। गरीब तबके के छात्रों को स्पॉन्सरशिप में भी मदद दी जा रही है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत से चल रहे इस कार्यक्रम में साल 2024 में 19 और 2025 में 20 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। नीट परीक्षा में 2022 में 2, 2023 में एक और 2024 में 3 छात्रों का चयन हुआ है।

अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह की निजी संस्थानों से खूब सराहा
 अमर उजाला की ओर से मेधावी छात्रों को सम्मानित किए जाने की निजी शिक्षण संस्थान और समाजसेवी ने सराहना की है। उनका कहना है कि अमर उजाला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। इन मेधावी छात्रों से दूसरे छात्रों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए। आईटीआई एंड मेडिकल एस्पायर एमडी योगेंद्र कुमार मीणा, आईईसी विश्वविद्यालय के डीन एकेडमिक विजय कुमार, सांई विश्वविद्यालय के चांसलर तुषार पुंज, इंटरनल विश्वविद्यालय बडु साहिब के निदेशक बलराज चौहान, सनबीम इंटरनेशनल स्कूल जुब्बल के निदेशक रजत चौहान, एनल संस्थान के वाइस प्रेजिडेंट सदानंद वाणी, समाजसेवी मीरा भोगल बिलासपुर, क्योरटैक ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर सुमित सिंगला, भोजिया डेंटल कॉलेज व अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर विक्रम भोजिया, उदय राज एडवोटाइजिंग के डायरेक्टर रजत कपूर, ओटू आईएएस एकेडमी के एमडी कुलदीप टोपवाल, साहनी आईकेयर सोलन डॉ. अनुभा ओझा और डॉ. गुजन साहनी, आरटी बिल्डटेक एमडी मोहिंद्र ठाकुर ने कहा कि अमर उजाला समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम करता रहा है। छात्र सम्मान पाकर खुश नजर आ रहे हैं।

एआई, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस जैसे क्षेत्रों में खुद को अपडेट करें : धर्माणी
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने मेधावियों को संबोधित करते हुए कहा कि मेरिट सूची मंजिल नहीं, सिर्फ एक पड़ाव है। असली सफर तो अब शुरू होता है, जो नवाचार, सृजनात्मकता और आत्मविश्वास के सहारे तय करना होगा। धर्माणी ने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि भीड़ का हिस्सा बनने के बजाय अलग चलने की हिम्मत दिखाएं। बुधवार को पीटरहॉफ में आयोजित अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करते हुए तकनीकी शिक्षा मंत्री ने मेरिट सूची में शामिल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों-शिक्षकों को बधाई दी।

धर्माणी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी क्रांति के इस युग ने भविष्य के लिए अनगिनत नए रास्ते खोल दिए हैं, जिनका लाभ मेधावी युवाओं को उठाना चाहिए। उन्होंने छात्रों को यह समझने की सलाह दी कि केवल अकादमिक सफलता अब पर्याप्त नहीं है, बल्कि बदलते समय के साथ कौशल, रचनात्मक सोच और तकनीकी दक्षता जरूरी हो गई है। आज के छात्र अगर एआई, मशीन लर्निंग, डाटा साइंस जैसे क्षेत्रों में खुद को अपडेट करें, तो वे न केवल खुद के लिए, बल्कि समाज-देश के लिए भी क्रांतिकारी बदलाव ला सकते हैं।

चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करें छात्र : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह में पुरस्कृत हो रहे बच्चे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करें। बुधवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंच से मुख्यमंत्री सुक्खू की तरफ से सम्मानित हो रहे मेधावियों को यह संदेश दिया कि वह उनके उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने के कारण सीएम शिमला नहीं पहुंच पाए। उन्हें इस बात का अफसोस है कि प्रदेश के कोने-कोने से आए मेधावियों को सम्मानित करने के अवसर पर वह उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं।

सुक्खू ने संदेश में कहा कि वह अमर उजाला को मेधावी छात्र सम्मान समारोह के लिए हार्दिक बधाई देते हैं। यह एक सराहनीय कार्य है, जिसके माध्यम से प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है। हिमाचल प्रदेश आज गुणात्मक शिक्षा के मामले में देशभर में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जो सबके लिए गर्व का विषय है। उनका लक्ष्य यही है कि हिमाचल प्रदेश का हर बच्चा भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सके। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed