हिमाचल में जमातियों को बरगलाने वालों पर भी होगी कार्रवाई: डीजीपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल पुलिस जमात के मौलाना साद कंधालवी पर भी कार्रवाई कर सकती है। डीजीपी सीताराम मरडी ने कहा है कि पुलिस ने अब तक जानकारी छिपाने के आरोप में 97 जमातियों के खिलाफ 20 मामले दर्ज किए हैं और इसकी जांच की जा रही है। अगर जमातियों को बहकाने या गलत करने के लिए उकसाने के पुख्ता सबूत मिले तो किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
डीजीपी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोशल मीडिया और राजनीतिक दल जमात के मौलाना साद कंधालवी पर यह आरोप लगा रहे हैं कि उन्होंने मरकज से जाने वाले जमातियों को बीमार होने पर अस्पताल जाने की बजाय मस्जिदों में जाने के लिए कहा था। कहा जा रहा है कि साद की इसी अपील के बाद जमाती घरों को लौटे लेकिन उन्होंने न तो पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी और न ही उन्होंने डॉक्टरों से इलाज कराया। हालांकि, पुलिस ने इन्हें तलाशने के लिए विशेष अभियान चलाया और अब तक 432 जमातियों और उनके संपर्क में आने वाले 293 लोगों को चिह्नित कर क्वारंटीन किया है।
बता दें कि पुलिस की अपील के बावजूद जमातियों के सामने न आने के बाद डीजीपी ने निर्देश दिए थे कि अगर किसी कोरोना पॉजिटिव जमाती की वजह से दूसरे व्यक्ति को कोरोना हुआ या उसकी मौत हुई तो ऐसे लोगों के खिलाफ हत्या या हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। इसी सख्त चेतावनी के बाद बड़ी संख्या में जमाती सामने आने लगे थे। डीजीपी ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच अलग अलग जिलों की पुलिस कर रही है, लेकिन अगर जरूरत महसूस हुई तो एसआईटी गठित की जा सकती है। साथ ही कहा कि जिसके भी खिलाफ सबूत मिलेगा उसे कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
सहयोग राशि देने के नाम पर ऑनलाइन ठगी से बचें: डीजीपी
कोरोना के दौरान ठगों ने अब पीएम केयर और सीएम कोविड फंड में सहयोग राशि देने के नाम पर धोखाधड़ी करनी शुरू कर दी है। हिमाचल में इस तरह के कुछ मामले सामने आने के बाद डीजीपी सीताराम मरडी ने लोगों से अपील की है कि वह ऑनलाइन गतिविधियों को करने से पहले पड़ताल जरूर कर लें। कहा कि कई एनजीओ व अंजान नंबरों से लोगों को सहयोग राशि देने के लिए लिंक भेजे जा रहे हैं।
इन लिंक को खोलते ही खाते से रकम उड़ जा रही है, जबकि लोग शिकायत और कार्रवाई भी नहीं करा पा रहे। ऐसे में ठगी से बचने और देश व राज्य के लिए कुछ करने की इच्छा हो तो पीएम केयर व हिमाचल प्रदेश कोविड सॉलिडेरिटी फंड में दान किया जा सकता है। डीजीपी ने कहा कि इसके अलाव ऑनलाइन साइटों को लेकर भी सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं, सोशल मीडिया पर कोरोना के दौर में जमात के नाम पर धर्म विशेष पर टिप्पणी वाली पोस्ट डाले जाने पर भी डीजीपी ने कहा कि लोग ऐसे मुश्किल दौर में बंटे रहने के बजाय एक होकर रहें। कहा कि संविधान में भी जाति, धर्म, क्षेत्र के आधार पर भेदभाव करने को गलत बताया गया है। ऐसे में लोग एक-दूसरे का सोशल बायकाट करने के बजाय साथ दें और भाईचारा बरकरार रखते हुए दुनिया के लिए मिसाल बनें।
ड्रोन के जरिये पुलिस कर रही चुराह क्षेत्र की निगरानी
वहीं, चंबा जिले के उपमंडल चुराह में कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ड्रोन से नजर रख रही है। प्रशासन लोगों को अपने घरों में ही रहने की नसीहत दे रहा है। क्षेत्र में चार जमातियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप है। इन मामलों के बाद ग्रामीणों में भी काफी हद तक जागरूकता देखी गई। पुलिस ने जहां मार्गों को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है, वहीं ग्रामीणों ने भी अपने गांव की ओर आने वाले लिंक मार्गों पर पत्थर रख दिए है।
गौरतलब है कि चुराह में कोरोना पॉजिटिव जमातियों की दस्तक के बाद उपमंडल के तहत आती नौ पंचायतों भंजराड़ू, थल्ली, खुशनगरी, लेसूंई, जुगरा, खजुआ, गडफरी, तीसा-1, तीसा-2 को सील पहले ही कर दिया है। अब ग्रामीण भी अपने गांव की ओर आने वाले रास्तों को बंद कर रहे हैं। चार पॉजिटिव केस सामने आने के बाद लोगों में डर का माहौल है।