स्पेशल ओलंपिक में गोल्ड दिलाने वाले 6 खिलाड़ियों ने लौटा दिया सरकारी इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्पेशल ओलंपिक में देश को गोल्ड दिलाने वाले छह दिव्यांग खिलाड़ी हिमाचल सरकार की अनदेखी से बेहद खफा हैं। वर्ष 2015 में अमेरिका के लॉस एंजिल्स में एथलेटिक्स में गोल्ड मेडल जीतने वाली ऊना के संतोषगढ़ की विशाखा शर्मा समेत छह विशेष खिलाड़ियों को हिमाचल सरकार ने दो साल बाद प्रोत्साहन राशि दी और वो भी मात्र 50 हजार। नाममात्र राशि मिलने से नाराज खिलाड़ियों और उनके परिजनों ने अब चेक लौटा दिए हैं।
सात अप्रैल को ऊना के इंदिरा स्टेडियम में एक समारोह में खिलाड़ियों को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल के हाथों चेक बांटे गए थे। जिन खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि के चेक दिए गए, उनमें ऊना की विशाखा शर्मा, पलक, धर्मशाला के कृष्ण, मंडी के राहुल, बिलासपुर के राकेश और चंबा की सुलोचना शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने विशेष आलंपिक में एथलेटिक्स समेत विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण सहित विभिन्न पदक जीते थे।
पिता का आरोप, सरकार कर रही अनदेखी
विशाखा के पिता सुलेख कुमार का आरोप है कि देश का नाम रोशन करने वाले बच्चों को प्रदेश सरकार उचित प्रोत्साहन तक नहीं दे पाई। उनका कहना है कि हरियाणा में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को लाखों की राशि दी गई, जबकि प्रदेश सरकार दो साल बाद महज 50 हजार रुपये दे रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के खिलाड़ियों से ऐसा अन्याय क्यों?
नप प्रधान वीना देवी, उपप्रधान गुरदेव सिंह, पार्षद व्यासा देवी, अंजना चब्बा, अमरावती, भजन सिंह मान, पूर्व प्रधान प्रमेश शर्मा, पंडित शिव किशोर वासुदेवा, सुदर्शन चब्बा आदि का कहना है कि सरकार के दिव्यांगों के उत्थान के दावे खोखले नजर आ रहे हैं। 50 हजार रुपये देना प्रतिभाओं का मजाक उड़ाना है। प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं में ही इससे ज्यादा इनामी राशि दी जाती है।
शूटर विजय को सरकार ने दिए थे एक करोड़
हिमाचल सरकार ने लंदन ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले हिमाचल के शूटर विजय कुमार को एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी थी। 17वें एशियाड खेलों में स्वर्ण पदक विजेता तीन खिलाड़ियों को 20-20 लाख रुपये दिए। रजत पदक विजेता को 10 लाख और कांस्य पदक विजेता को 6 लाख रुपये दिए। राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाले को 10 लाख दिए गए। वहीं, रियो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली साक्षी मलिक को हरियाणा सरकार ने 2.5 करोड़ रुपये दिए।
चेक लौटाने की निदेशालय को दी जानकारी: भराड़िया
जिला खेल अधिकारी एमपी भराड़िया ने माना कि खिलाड़ियों ने चेक लौटा दिए हैं। उन्होंने बताया कि चेक लौटाने की जानकारी खेल निदेशालय को दे दी गई है। आगे की कार्रवाई उच्चाधिकारी करेंगे। उधर, कार्यकारी उपायुक्त एवं एडीएम राजेश मारिया ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। अगर खिलाड़ी इससे अधिक राशि के लिए पात्र होंगे तो मामला सरकार से उठाया जाएगा।