निजी बस गहरी खाई में गिरी, 7 की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल के जिला सिरमौर के पच्छाद विस क्षेत्र के दूरदराज सोलन-हाब्बन वाया चंबीधार संपर्क मार्ग पर 32 सीटर एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई जबकि 17 अन्य घायल हो गए। गहरी खाई और अंधेरा हो जाने के चलते मदद में दिक्कत आई।
बताया जा रहा है कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मरने वालों में तीन महिलाएं हैं। एक शव को बस के नीचे से कड़ी मशक्कत से निकाला गया। घायलों को सोलन के जोनल अस्पताल भर्ती कराया गया है।
परिवहन मंत्री जीएस बाली ने हादसे की जांच के आदेश दिए
बस में कुल 26 लोग सवार थे। बस हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम राजगढ़ राणा प्रीतपाल एवं एसएचओ मोहर सिंह मौके पर पहुंचे। परिवहन मंत्री जीएस बाली ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार अनामिका कोच निजी बस (एचपी14-4256) सोलन से दोपहर बाद करीब 4 बजे हाब्बन के लिए रवाना हुई।
शाम 6.20 बजे बस चंबीधार से पीछे पंचड़ गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 फुट गहरी खाई में गिर गई। बस के गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और लोगों की चिल्लाने की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई देने लगीं। समीप के पंचड़ गांव के लोग और अन्य वाहनों के सवारियां खाई में उतरीं और घायलों को उठाकर सड़क तक लेकर लाए।
चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
इस दौरान 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। बस हादसे में कंडक्टर अखिल कुमार (24) गांव कटोगड़ा, विद्या देवी (55) निवासी नेरी कोटली, शकुंतला (58) निवासी मढेची, प्रभु राम (50) निवासी शिलांजी, सदानंद (48) गांव बड़ोथ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि शीला देवी (60) ने सोलन अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घायलों को तीन 108 एंबुलेंस की मदद से सोलन अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। एडीसी मनमोहन शर्मा ने बताया कि मौके पर अधिकारी भेज दिए हैं। वहीं, एसपी सौम्या ने बताया कि बस चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।