{"_id":"630f4cbffdc58150a74ba8dd","slug":"50-000-crore-investment-will-be-made-in-bulk-drug-pharma-park-jairam","type":"story","status":"publish","title_hn":"CM Jairam Statement: सीएम जयराम बोले- बल्क ड्रग फार्मा पार्क में 50,000 करोड़ का निवेश होगा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CM Jairam Statement: सीएम जयराम बोले- बल्क ड्रग फार्मा पार्क में 50,000 करोड़ का निवेश होगा
Wed, 31 Aug 2022 05:29 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Wed, 31 Aug 2022 05:29 PM IST
सार
सीएम जयराम ने बुधवार को राज्य सचिवालय शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि इस बल्क ड्रग फार्मा पार्क में 20,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। केंद्र सरकार से ग्रांट- इन-एड के रूप में 1,000 करोड़ मिलेंगे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बल्क ड्रग फार्मा पार्क में 50,000 करोड़ का निवेश होगा और 30,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। रोजगार दिलाने और निवेश के मामले में यह हिमाचल में बड़ी आदर्श परियोजना होगी। सीएम ने इस तोहफे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। कहा कि वह इस पार्क की मांग को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष भी यह मामला उठाया है। उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी बात होती रही। सीएम जयराम ने बुधवार को राज्य सचिवालय शिमला में पत्रकार वार्ता में कहा कि इस बल्क ड्रग फार्मा पार्क में 20,000 लोगों को प्रत्यक्ष और 10,000 को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।
विज्ञापन
केंद्र सरकार से ग्रांट- इन-एड के रूप में 1,000 करोड़ मिलेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल, गुजरात और आंध्र प्रदेश को तीन बल्क ड्रग फार्मा पार्क देकर गौरव बढ़ाया है। यह 1,405 एकड़ जमीन पर बनेगा। इसमें 1,366 एकड़ सरकारी और 39 एकड़ निजी जमीन होगी। कुल परियोजना लागत 1,190 करोड़ आएगी। आत्मनिर्भर भारत के तहत हमें अपने पांव पर खड़ा होना चाहिए। इस कड़ी में बल्क ड्रग्स फार्मा पार्क का विचार आया। बल्क ड्रग फार्मा पार्क प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है। पहले नालागढ़-बद्दी क्षेत्र में इस पार्क को बनाने पर विचार किया गया था, लेकिन ऊना जिले में इसके लिए उपयुक्त जगह पाई गई है।
विज्ञापन
विपक्ष के लोग हमेशा कहते थे, यह नहीं हो सकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग इस बारे में हमेशा कहते थे कि यह नहीं हो सकता है। उन्होंने कई तरह के शब्दों का चयन किया, मगर सरकार ने इस बात को दृढ़ता से रखा। सरकार पूरे विश्वास के साथ कह रही थी कि यह पार्क हिमाचल को ही मिलेगा। यह हिमाचल प्रदेश के विश्वास का प्रोजेक्ट है।
विज्ञापन