शहर में चकाचक होंगी सड़कें और रास्ते
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शहर की सड़कें एक बार चकाचक होंगी। भारी बरसात से खस्ताहाल हो चुकीं कई सड़कों और रास्तों को नगर निगम फिर से पक्का करने जा रहा है। यही नहीं, संजौली से आईजीएमसी तक पैदल चलने वालों के लिए स्मार्ट पाथ भी बनाया जाएगा। मेयर कुसुम सदरेट की अध्यक्षता में शनिवार को हुई वित्त संविदा एवं योजना समिति की बैठक में जनता को राहत देने वाले कई अहम फैसले लिए गए। इनमें सबसे अहम फैसला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत करीब नौ करोड़ की लागत से स्मार्ट पाथ बनाने का है। यह रास्ता संजौली चौक से आईजीएमसी तक सड़क किनारे तैयार किया जाएगा।
शहर के सबसे व्यस्ततम रास्तों में से एक इस रास्ते के दोनों ओर रैलिंग और छत लगेगी। इससे बर्फबारी के दौरान भी पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी। शहर में इस तरह का यह पहला रास्ता होगा। इसके अलावा संजौली चौक पर फुट ओवर ब्रिज बनाने को भी मंजूरी दी। सीएम जयराम ठाकुर ने यहां ब्रिज बनाने के निर्देश दिए थे। संजौली पार्षद सत्या कौंडल ने कहा कि इस ब्रिज से लोगों को ट्रैफिक के बीच नहीं चलना पड़ेगा। इस पर अम्रुत प्रोजेक्ट से पैसा खर्च किया जाएगा। बैठक में निगम आयुक्त पंकज राय, पार्षद आनंद कौशल और तनुजा चौधरी भी मौजूद रहे।
रिज पर दुकानें लगाने के शुल्क में पचास फीसदी की बढ़ोतरी
रिज मैदान स्थित पद्मदेव परिसर में दुकानें और स्टॉल लगाने के लिए अब पहले से ज्यादा किराया चुकाना होगा। नगर निगम ने इसका किराया 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये प्रतिदिन कर दिया है। सरकारी संस्थाओं से भी स्टॉल लगाने के एवज में फीस वसूली जाएगी। हालांकि, एफसीपीसी के इस फैसले पर अंतिम मंजूरी मासिक बैठक में दी जाएगी। निगम प्रशासन के अनुसार वर्तमान में 50 हजार रुपये प्रतिदिन के हिसाब से परिसर का किराया वसूला जा रहा है, जो काफी कम है।
परिसर का ज्यादातर इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हो रहा है। ऐसे में शुल्क बढ़ाया जाना चाहिए। पार्षदों ने शुल्क 50 से 75 हजार करने को मंजूरी दी। पद्मदेव परिसर में साल के ज्यादातर दिनों में बुकिंग रहती है। त्यौहारी सीजन और समर फेस्टिवल के दौरान अक्सर यहां स्टॉल और प्रदर्शनियां लगती हैं। इस साल के अंत तक की बुकिंग अभी से हो चुकी है। इससे निगम को लाखों रुपये की आय होती है। अब निगम की यह आय कई गुना बढ़ जाएगी। शहर के करीब आधा दर्जन पेट्रोल पंपों से वसूले जाने वाले शुल्क में से शेयर देने को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया। निगम डीजल और पेट्रोल से वसूले जाने वाले शुल्क से एक-एक फीसदी शुल्क एमसी को देने की मांग करेगा। बैठक में कर्मचारियों को चार फीसदी अंतरिम राहत देने को लेकर भी मंजूरी दी गई।
फैसले जो जनता को देंगे राहत
पार्कों के रखरखाव के लिए दस कर्मचारी भर्ती करने को दी मंजूरी
चालकों का वर्दी-धुलाई भत्ता सौ रुपये बढ़ा, अब तीन सौ मिलेंगे
1.98 करोड़ से कचरा निष्पादन की नई गाड़ियां, मशीनें खरीदी जाएंगी
पेंशन और उपदान निधि के घाटे को नगर निगम अपने फंड से वहन करेगा
14.51 लाख से रामनगर मंदिर से विजाराम निवास तक पक्का रास्ता बनेगा
खलीनी बाजार से बाईपास सड़क को पक्की करने को मंजूरी दी
पांजणी स्कूल समेत टूटीकंडी वार्ड की चार सड़कों की मरम्मत की जाएगी
सड़क चौड़ा करने के लिए टूटेंगे कनलोग चौक, गुरुराज वर्कशाप के रेनशेल्टर
7.94 लाख से अवालॉज-यूनिवर्सिटी स्टाफ क्वार्टर की सड़क की मरम्मत होगी