कर्मचारियों को मिला डीए और अंतरिम राहत, बैठक में मिली मंजूरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमुडा निदेशक मंडल की शिमला में हुई बैठक में हिमुडा के कर्मचारियों को एक जुलाई 2017 से तीन प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई भत्ता और एक जनवरी 2016 से 8 प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान करने का निर्णय लिया गया। हिमुडा की अध्यक्ष और शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने बैठक की अध्यक्षता की।
सरवीण चौधरी ने कहा कि निदेशक मंडल ने धर्मशाला तहसील के नरघोटा में 644.00 कनाल भूमि का अधिग्रहण करने के लिए आंध्रा बैंक से सरकारी गारंटी पर 37.30 करोड़ रुपये का ऋण लेने को मंजूरी प्रदान की। बैठक में हमीरपुर आवासीय कॉलोनी में पार्किंग स्थल विकसित करने का भी निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि शुभखेड़ा (पांवटा साहिब) में तृतीय क्षेणी के 36 फ्लैट विकसित करने के साथ-साथ परवाणू के सेक्टर चार और सेक्टर पांच में पांच-पांच बूथ और सेक्टर तीन में 56 फ्लैट निर्मित करने का फैसला लिया गया।
सरवीण चौधरी ने कहा कि पट्टे पर धनराशि के एकमुश्त भुगतान के लिए एक योजना स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत यह प्रावधान किया गया है कि अगर लीज की राशि को एक साथ जमा करवाया जाता है तो 25 वर्षों की छूट प्रदान की जाएगी।
व्यावसायिक परिसर के निर्माण को भी मंजूरी
शिमला के विकासनगर में पेट्रोल पंप के पास व्यावसायिक परिसर के निर्माण को भी मंजूरी प्रदान की गई है, इसमें विभिन्न सरकारी विभागों को कार्यालय के लिए स्थान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कुछ व्यावसायिक संपत्ति को भी प्रस्तावित किया गया है।
निदेशक मंडल ने सेवानिवृत्त अकाउंटेंट में से छह माह की अवधि के लिए डिविजनल अकाउंटेंट का पद भरने का भी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर व कम दरों पर आवासीय सुविधा उपलब्ध करवाना हिमुडा का प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव तरुण कपूर, हिमुडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिव दिनेश कश्यप सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।