लोकसभा चुनाव: हिमाचल में इन 15 प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नामांकन के पांचवें दिन शुक्रवार को हमीरपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर और कांगड़ा सीट से किशन कपूर समेत कुल 15 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा।
दोनों के नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल के अलावा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती और प्रदेश चुनाव प्रभारी तीरथ सिंह रावत मौजूद रहे।
अनुराग ने सुबह कुलदेवी अवाहदेवी माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद दोपहर 12:25 बजे नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी हमीरपुर डॉ. रिचा वर्मा को सौंपा। कवरिंग प्रत्याशी के तौर पर प्रवीण शर्मा ने परचा भरा।
इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शहर में रोड शो निकाला। वहीं, कांगड़ा से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर ने भी लाव-लश्कर के साथ नामांकन किया। विवाद के चलते कांग्रेस की शिकायत पर कपूर के नामांकन की चुनाव आयोग ने वीडियोग्राफी कराई।
इन उम्मीदवारों ने भी भरा नामांकन
हमीरपुर से निर्दलीय आशीष कुमार, अशोक कुमार और बहुजन मुक्ति पार्टी से राम सिंह शुक्ला ने नामांकन भरा। कांगड़ा से नरेंद्र सिंह पठानिया ने निर्दलीय, मंडी से खुशाल चंद ठाकुर ने बतौर कवरिंग प्रत्याशी भाजपा के चिह्न पर नामांकन दाखिल किया।
अंबेडकर पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर राजेंद्र सूर्यवंशी, बृज गोपाल और कर्नल ठाकुर ने निर्दलीय, चंद्रमणी ने आल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक और करतार चंद ने स्वाभिमान पार्टी के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। शिमला में दुला राम ने निर्र्दलीय और विक्रम सिंह ने बसपा के प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।