Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Udaipur News ›   udaipur scientists solar flare aditya l1 magnetic loop coronal mass ejection study

राजस्थान: आदित्य-एल1 के आंकड़ों से हुआ बड़ा खुलासा, सूर्य के चुंबकीय लूप ने रोका भीषण विस्फोट

Thu, 12 Nov 2026 09:56 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Thu, 12 Nov 2026 09:56 AM IST
सार

सूर्य पर भीषण विस्फोट के बावजूद सौर पदार्थ कई बार अंतरिक्ष में नहीं पहुंच पाते। उदयपुर के वैज्ञानिकों के अध्ययन के अनुसार, सूर्य के मजबूत चुंबकीय लूप गर्म प्लाज्मा और ऊर्जावान कणों को उसके वातावरण में ही रोक लेते हैं।

विज्ञापन
udaipur scientists solar flare aditya l1 magnetic loop coronal mass ejection study
सूर्य के चुंबकीय लूप ने रोका गर्म प्लाज्मा का रास्ता - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सूर्य पर होने वाले भीषण विस्फोटों के बावजूद कई बार सौर पदार्थ अंतरिक्ष तक नहीं पहुंच पाते हैं। इसकी वजह सूर्य के वातावरण में मौजूद मजबूत चुंबकीय क्षेत्र हो सकता है। उदयपुर के वैज्ञानिकों ने एक नए अध्ययन में इसका खुलासा किया है। भारत के आदित्य-एल1 मिशन और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के सोलर डायनेमिक्स ऑब्जर्वेटरी से मिले आंकड़ों के विश्लेषण में पता चला है कि सूर्य पर अत्यधिक गर्म प्लाज्मा और ऊर्जावान कण पैदा होने के बाद भी विशाल चुंबकीय लूप उन्हें सूर्य के वातावरण में ही रोक सकते हैं।

विज्ञापन


यह अध्ययन उदयपुर सौर वेधशाला के तीन शोधकर्ताओं ने किया है। डॉ. भुवन जोशी के निर्देशन में शोधकर्ता डॉ. विश्व विजय सिंह और डॉ. एनपीएस मिथुन ने 31 अक्टूबर 2024 को सूर्य पर हुए एक्स 2.0 श्रेणी के सौर विस्फोट का गहराई से अध्ययन किया। यह शोध प्रतिष्ठित वैज्ञानिक पत्रिका 'द एस्ट्रोफिजिकल जर्नल' में प्रकाशित हुआ है। अध्ययन में सामने आया कि सौर विस्फोट कितना शक्तिशाली है, यह महत्वपूर्ण तो है ही, लेकिन उसके आसपास मौजूद चुंबकीय क्षेत्र की बनावट भी तय करती है कि सौर पदार्थ अंतरिक्ष में निकल पाएगा या नहीं।

विज्ञापन

दो चरणों में हुआ सौर विस्फोट, 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंचा तापमान

वैज्ञानिकों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2024 को सूर्य पर हुआ यह विस्फोट दो अलग-अलग चरणों में पूरा हुआ। पहले चरण में तापमान करीब 1.9 करोड़ केल्विन दर्ज किया गया। इस दौरान विस्फोट की तीव्रता एम 4.6 श्रेणी की थी। आदित्य-एल1 के आंकड़ों में 60 किलो इलेक्ट्रॉन-वोल्ट तक के एक्स-रे संकेत रिकॉर्ड किए गए।

विज्ञापन
विज्ञापन


इसके बाद विस्फोट का दूसरा चरण शुरू हुआ। इस दौरान तापमान बढ़कर करीब 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंच गया और विस्फोट की तीव्रता एक्स 2.0 श्रेणी की हो गई। इस चरण में 150 किलो इलेक्ट्रॉन-वोल्ट तक के एक्स-रे संकेत दर्ज किए गए। इन आंकड़ों से वैज्ञानिकों को सूर्य में मौजूद गर्म प्लाज्मा और तेज गति से चलने वाले कणों की गतिविधियों को समझने में मदद मिली।

चुंबकीय लूप ने रोका सौर पदार्थ का रास्ता

अध्ययन में सामने आया कि विस्फोट के दौरान गर्म गैस और चुंबकीय क्षेत्र से बना एक विशाल ढांचा ऊपर की ओर उठा। इसे मैग्नेटिक फ्लक्स रोप कहा जाता है। यह करीब 204 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से ऊपर बढ़ रहा था। हालांकि, इसके ऊपर मौजूद विशाल चुंबकीय लूप की परत ने इसे सूर्य से बाहर निकलने से रोक दिया। इस कारण विस्फोट की तीव्रता काफी अधिक होने के बावजूद कोरोनल मास इजेक्शन (सीएमई) नहीं हो सका। यानी सूर्य से निकलने वाला सौर पदार्थ का बड़ा बादल अंतरिक्ष तक नहीं पहुंच पाया और सूर्य के वातावरण में ही रुक गया।

विस्फोट के 20 मिनट बाद बढ़ी पराबैंगनी रोशनी

वैज्ञानिकों ने अध्ययन में यह भी पाया कि मुख्य विस्फोट के करीब 20 मिनट बाद सूर्य के वातावरण में पराबैंगनी प्रकाश से पैदा हुई चमक काफी बढ़ गई। यह चमक लगभग एक घंटे तक बनी रही। इस दौरान बड़े चुंबकीय लूप में गर्म प्लाज्मा लंबे समय तक मौजूद रहा। अध्ययन के अनुसार, कुछ सौर पदार्थ 100 से 500 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से नीचे की ओर बहते हुए दिखाई दिए। विस्फोट के बाद उसी क्षेत्र में ठंडे और घने पदार्थ से बना एक नया फिलामेंट भी विकसित हुआ। इससे वैज्ञानिकों को सूर्य के चुंबकीय क्षेत्र में होने वाले बदलाव और उसके दोबारा व्यवस्थित होने की प्रक्रिया को समझने में मदद मिली।



इस अध्ययन से यह स्पष्ट हुआ है कि सूर्य पर होने वाले सौर विस्फोटों के प्रभाव को समझने के लिए केवल उनकी तीव्रता और तापमान का अध्ययन पर्याप्त नहीं है। उनके आसपास मौजूद चुंबकीय क्षेत्र की संरचना भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। आदित्य-एल1 से मिले आंकड़े सूर्य की इन जटिल गतिविधियों को समझने में वैज्ञानिकों के लिए अहम साबित हो रहे हैं।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed