राजस्थान: 15 करोड़ का सालाना कारोबार, आलीशान जिंदगी... फिर भी चुना संन्यास, जैन संत बनने जा रहा पूरा परिवार
गुजरात के सूरत में करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कपड़ा कारोबार करने वाले दिलीपभाई भोगर अपनी पत्नी ज्योति बेन और दो बेटियों छवि व चार्वी के साथ 8 फरवरी 2027 को जैन दीक्षा लेने जा रहे हैं।
विस्तार
करोड़ों रुपये का कारोबार, सुख-सुविधाओं से भरी जिंदगी और समाज में स्थापित पहचान... आमतौर पर लोग ऐसी जिंदगी को और बेहतर बनाने के सपने देखते हैं, लेकिन गुजरात के सूरत में रहने वाले दिलीपभाई भोगर और उनके परिवार ने इससे बिल्कुल अलग रास्ता चुना है। करीब 15 करोड़ रुपये का सालाना कपड़ा कारोबार चलाने वाले 47 वर्षीय दिलीपभाई अब अपनी पत्नी ज्योति बेन (45) और दो बेटियों छवि (22) व चार्वी (14) के साथ सांसारिक जीवन का त्याग कर जैन दीक्षा लेने जा रहे हैं। परिवार 8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल क्षेत्र में संयम मार्ग अपनाएगा। खास बात यह है कि परिवार की एक बेटी पहले ही जैन साध्वी बन चुकी है। अब माता-पिता और दोनों बेटियां भी उसी आध्यात्मिक राह पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं।
उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र के जसवंतगढ़ गांव से ताल्लुक रखने वाले इस परिवार के फैसले ने व्यापारिक जगत से लेकर सामाजिक हलकों तक लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। यह सिर्फ एक कारोबारी परिवार के करोड़ों के व्यापार को छोड़ने की कहानी नहीं है, बल्कि उन चार लोगों के फैसले की कहानी है, जिन्होंने अपनी इच्छाओं, उपलब्धियों और भौतिक सुख-सुविधाओं से ऊपर आध्यात्मिक जीवन को चुना है।
छोटी दुकान से खड़ा किया 15 करोड़ का कारोबार
दिलीपभाई भोगर की कहानी मेहनत और संघर्ष से शुरू होती है। उन्होंने अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ और गोगुंदा क्षेत्र में 12वीं तक पढ़ाई की। इसके बाद बेहतर भविष्य की तलाश में गुजरात के सूरत पहुंचे और एक छोटी सी दुकान से कपड़े का कारोबार शुरू किया।
धीरे-धीरे मेहनत और लगन के दम पर उन्होंने सूरत के टेक्सटाइल बाजार में अपनी पहचान बनाई। उनका कारोबार बढ़ता गया और एक समय सालाना टर्नओवर करीब 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने वर्षों तक मेहनत की, लेकिन अब उसी कारोबार और स्थापित व्यापारिक पहचान को छोड़कर वे आध्यात्मिक जीवन अपनाने जा रहे हैं।
बड़ी बेटी ने 2023 में ली थी दीक्षा, यहीं से बदली परिवार की सोच
दिलीपभाई के परिवार के आध्यात्मिक सफर में वर्ष 2023 एक महत्वपूर्ण मोड़ लेकर आया। उनकी एक बेटी शैली ने सांसारिक जीवन छोड़कर जैन साध्वी बनने का फैसला किया। दीक्षा लेने के बाद उन्होंने साध्वी दर्शिता नाम धारण किया।
बेटी के इस फैसले का परिवार पर गहरा प्रभाव पड़ा। धीरे-धीरे दिलीपभाई का झुकाव भी धर्म और आध्यात्मिकता की ओर बढ़ने लगा। उन्होंने अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के बजाय उसे समेटना शुरू कर दिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस रास्ते पर चलने का मन बना लिया।
इसके बाद पूरे परिवार ने साधु-साध्वियों की जीवनशैली को करीब से समझा। पैदल यात्राएं कीं, आहार-विहार की परंपराओं को अपनाने का अभ्यास किया और साधना से जुड़ा कठिन प्रशिक्षण भी पूरा किया। अब परिवार दीक्षा के लिए तैयार है।
बड़ी बेटी छवि ने चार महीने में छोड़ दिया अपना काम
दिलीपभाई की बड़ी बेटी छवि बेन (22) ने भी अपने क्षेत्र में अलग पहचान बनाने की कोशिश की थी। उन्होंने व्यावसायिक प्रशासन (बीबीए) में ग्राफिक डिजाइन की पढ़ाई की। इसके साथ ही उनकी रुचि क्रोशिया कला में थी। वे धागों से सुंदर कलाकृतियां बनाती थीं और इस हुनर के जरिए कमाई भी शुरू कर दी थी।
हालांकि, परिवार के आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ने के फैसले के बाद उन्होंने अपनी व्यावसायिक गतिविधियां जारी नहीं रखीं। महज चार महीने में ही उन्होंने अपना काम समेट दिया और संयम मार्ग अपनाने का निर्णय लिया।
फुटबॉल के मैदान से आध्यात्मिक साधना की राह पर चार्वी
परिवार की छोटी बेटी चार्वी बेन (14) की भी अपनी अलग पहचान रही है। वह सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल की प्रतिभावान खिलाड़ी रह चुकी हैं। खेल के मैदान में आगे बढ़ने की संभावनाओं के बावजूद उन्होंने अब सांसारिक जीवन से अलग होने का फैसला किया है।
चार्वी ने आठवीं कक्षा पास करने के बाद नौवीं की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और धार्मिक अध्ययन तथा साधना की राह चुन ली। इस तरह परिवार की दोनों बेटियां अपनी-अपनी रुचियों और क्षेत्रों को पीछे छोड़कर दीक्षा की तैयारी में जुट गई हैं।
सड़क हादसे से उबरने के बाद जनसेवा में भी दिया योगदान
दिलीपभाई के जीवन में आध्यात्मिकता के साथ जनसेवा का भाव भी रहा है। एक गंभीर सड़क दुर्घटना से उबरने के बाद उन्होंने पाली जिले के बीसलपुर स्थित श्री भैरव आई अस्पताल और चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से जनसेवा के कार्यों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उनके करीबियों और समाज के लोगों के अनुसार, उनके मन में हमेशा यह विचार रहा कि जीवन का उद्देश्य केवल अपने लिए धन और सुविधाएं जुटाना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए।
जसवंतगढ़ में परिवार का हो रहा अभिनंदन
फिलहाल भोगर परिवार अपने पैतृक गांव जसवंतगढ़ में है। परिवार के इस फैसले के बाद गांव में उत्साह के साथ भावुक माहौल भी है। ग्रामीण और रिश्तेदार जगह-जगह उनका अभिनंदन कर रहे हैं। वहीं, ज्योति बेन के पीहर वास गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी लोग इस फैसले को लेकर भावुक हैं।
8 फरवरी 2027 को सूरत के पाल क्षेत्र में होने वाली दीक्षा के साथ दिलीपभाई, उनकी पत्नी ज्योति बेन और बेटियां छवि व चार्वी सांसारिक जीवन को अलविदा कह देंगी। एक ऐसा परिवार, जिसने वर्षों की मेहनत से करोड़ों का कारोबार खड़ा किया, अब उस सबको पीछे छोड़कर संयम, साधना और त्याग का जीवन अपनाने जा रहा है।
