Udaipur News: पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से पंपों पर उमड़ी भीड़, गाड़ियों के साथ कैन-कैंपर लेकर पहुंचे लोग
Udaipur News: उदयपुर संभाग के सलूंबर जिले में पेट्रोल खत्म होने और पंप बंद होने की अफवाह से लोगों में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग गाड़ियों और कैन-कैंपर के साथ पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए, जिससे लंबी कतारें लग गईं।
विस्तार
उदयपुर संभाग के सलूंबर जिले में पेट्रोल खत्म होने और 1 अप्रैल तक पेट्रोल पंप बंद रहने की अफवाह फैलने के बाद मंगलवार शाम कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अफवाह के कारण लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों के साथ पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर पहुंचने लगे। स्थिति यह हो गई कि कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें सड़क तक लग गईं।
घबराकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े लोग
जानकारी के अनुसार, शाम होते-होते शहर और आसपास के क्षेत्रों में यह अफवाह तेजी से फैल गई कि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद हो सकती है और पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे। इस खबर के फैलते ही लोग घबराकर पेट्रोल पंपों की ओर दौड़ पड़े। कई लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने पहुंचे, तो कई लोग केन, बोतल और बड़े कैंपर लेकर भी पेट्रोल लेने के लिए पहुंच गए।
पंपों पर बना अफरा-तफरी का माहौल
भीड़ अचानक बढ़ने से पेट्रोल पंपों पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ स्थानों पर पेट्रोल भरवाने को लेकर लोगों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई। हालात बिगड़ते देख कुछ पेट्रोल पंप संचालकों ने एहतियात के तौर पर पेट्रोल की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को संभाला।
देर रात तक पंपों पर खड़े नजर आए लोग
सलूंबर में कई पेट्रोल पंपों के बाहर इतनी भीड़ हो गई कि वाहनों की लाइन मुख्य सड़क तक पहुंच गई। देर रात तक लोग पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर खड़े नजर आए। इसी तरह झल्लारा क्षेत्र के चावंड और जयसमंद इलाके में भी पेट्रोल-डीजल की सप्लाई बंद होने और कीमतें बढ़ने की अफवाह फैलने के बाद लोग पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे। प्रशासन और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
ये भी पढ़ें: बीकानेर में अफवाहों ने मचाया हड़कंप, पेट्रोल-डीजल खत्म होने की खबर से शहर में फ्यूल पैनिक
अफवाह पर ध्यान न देने की अपील
मामले को लेकर सलूंबर के जिला रसद अधिकारी सुरेश कुमार ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही झूठी अफवाहों पर लोग ध्यान न दें। प्रशासन स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए है और आवश्यक आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी अफवाह पर ध्यान न दें, ताकि अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.