उदयपुर: बेटी की बिंदोली में जमकर नाचे पिता, एक घंटे बाद अचनाक मौत; मॉर्च्यूरी में रखवाया शव फिर हुए फेरे
राजस्थान के उदयपुर में बेटी की शादी के दिन पिता की अचानक मौत हो गई। बिंदोली में जमकर नाचने के करीब एक घंटे बाद उन्हें सीने में दर्द उठा और अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
राजस्थान के उदयपुर जिले में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। जिस पिता ने अपनी बेटी की शादी के लिए सपने संजोए थे, उसी बेटी की शादी के दिन उनकी अचानक मौत हो गई। बिंदोली में परिवार और ग्रामीणों के साथ खुशी-खुशी नाचने के करीब एक घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद घर में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार ने बेटी की शादी की रस्में पूरी कराने के लिए पिता के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया और गमगीन माहौल में बेटी के फेरे करवाए।
मामला उदयपुर जिले के ऋषभदेव उपखंड क्षेत्र के पटियार भूधर गांव का है। यहां 20 नवंबर को शंकरलाल मेघवाल के घर में उनकी बेटी प्रियंका की शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं। घर में मंडप सजा था और विवाह की तमाम रस्में चल रही थीं। शाम को धूमधाम से बेटी की बिंदोली निकाली गई। पिता शंकरलाल भी परिवार और ग्रामीणों के साथ खुशी-खुशी नाचते नजर आए। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी खुशी साबित होगी।
बिंदोली खत्म होने के करीब एक घंटे बाद अचानक शंकरलाल के सीने में तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल ऋषभदेव अस्पताल लेकर पहुंचे। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर एमबी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शंकरलाल को मृत घोषित कर दिया। बेटी की शादी के दिन पिता की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पढ़ें: अब जोड़-तोड़ से बोर्ड बनाने की तैयारी; चित्तौड़गढ़ में आरएलपी प्रत्याशी को ले गई भाजपा; वीडियो वायरल
ऐसे मुश्किल हालात में भी परिवार ने हिम्मत नहीं हारी। वर पक्ष को पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद दोनों पक्षों की आपसी सहमति से शंकरलाल के पार्थिव शरीर को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। इसके बाद उसी रात वर पक्ष के करीबी सदस्यों की मौजूदगी में बेहद सादगीपूर्ण माहौल में प्रियंका की शादी की रस्में पूरी कराई गईं। इस दौरान बेटी के फेरे भी हुए।
परिवार ने शादी की रस्में पूरी होने तक प्रियंका और उसकी मां को शंकरलाल की मौत की जानकारी नहीं दी। उन्हें बताया गया कि पिता आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर है। वह फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं हैं। परिजनों की कोशिश थी कि बेटी की शादी पूरी होने तक उसे इस गहरे सदमे से बचाया जा सके। 21 नवंबर को शंकरलाल का अंतिम संस्कार किया गया। 51 वर्षीय शंकरलाल मेघवाल अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में ड्राइवर के रूप में काम करते थे। उनके तीन बच्चे हैं। प्रियंका सबसे बड़ी बेटी थी, जबकि उससे छोटे दो बेटे हैं।
जिस पिता ने बेटी की बिंदोली में नाचकर अपनी खुशी जाहिर की थी, वही पिता बेटी के हाथ पीले होने से पहले दुनिया छोड़ गया। एक तरफ बेटी की शादी की रस्में पूरी हो रही थीं, तो दूसरी तरफ परिवार पिता को अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहा था। शंकरलाल का अपनी बेटी की शादी देखने का सपना अधूरा रह गया। परिवार ने बेटी का घर तो बसा दिया, लेकिन इस खुशी के बीच पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। उदयपुर की यह घटना हर किसी को भावुक कर रही है।
