Rajasthan: रेलवे फाटक क्रॉस करने को लेकर 100 से ज्यादा लोगों में चले लाठी-डंडे, पुलिस से भी की धक्का-मुक्की
दो गुटों को आपस में लड़ता देख मौके पर मौजूद मजदूरों ने बीच बचाव करने की कोशिश की। जिसके बाद उनके साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने मामले को लेकर 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
विस्तार
श्रीगंगानगर के अनूपगढ़ रेलवे फाटक के पास रास्ता क्रॉस करने को लेकर दो गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले। मौके पर पहुंची पुलिस से भी लोगों ने धक्का-मुक्की की। हमले में कई लोग घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार 100 से ज्यादा लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला किया। चालक कुलदीप ने बताया कि शनिवार को वह अपने तीन साथियों के साथ ट्रैक्टर लेकर राउपीर फाटक के पास से गुजर रहा था। फाटक पर केवल एक गाड़ी निकलने की जगह थी। इतने में कुछ लोग लाठियां, डंडे और गंडासे लेकर गायों के साथ आ गए। उन्होंने पहले जाने के लिए झगड़ा शुरू कर दिया।
चालक का आरोप है कि मना करने पर वे लोग मारपीट करने लगे। जिससे हमले में उनके पीठ, हाथ और पैर में चोटें आईं। वहां पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव करवाने की कोशिश की लेकिन गायों के साथ आए लोगों ने मजदूरों की भी पिटाई कर दी। सूचना पर डीएसपी जयदेव सिहाग फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा और मामला शांत करवाया।
12 लोगों को हिरासत में लिया
डीएसपी जयदेव सिहाग ने बताया कि झगड़ा करने वालों की पहचान की जा रही है। शांतिभंग करने के आरोप में 12 लोगों को हिरासत में लिया गया हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।