Raju Theth Murder: गैंगस्टर की हत्या का वीडियो बना रहे एक व्यक्ति को बदमाशों ने मारी गोली, मौके पर ही तोड़ा दम
राजू ठेहट की हत्या करने आए बदमाशों ने दो और अन्य लोगों को गोली मार दी। जिसमें एक युवक घायल है। वहीं इस हत्याकांड के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़ रहे हैं। दूसरी ओर वीर तेजाजी के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गैंगस्टर राजू ठेहट की बदमाशों ने शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी। गैंगस्टर राजू के अलावा बदमाशों ने स्थानीय निवासी ताराचंद को भी गोली मार दी। बताया जा रहा है कि ताराचंद हत्याकांड का वीडियो बना रहे थे, तभी बदमाशों ने गोली मार दी
मौके से 50 गोलियों के खोल मिले
वहीं कैलाश नाम के एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है। हमलावर हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस को मौके से 50 गोलियों के खोल मिले हैं। बदमाशों की दिलेरी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि राजू ठेहट को मौत के घाट उतारने के बाद बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। किसी बदमाश ने चेहरे पर नकाब भी नहीं पहना था।
हत्याकांड के तार लॉरेंस बिश्नोई से भी जुड़े
राजू ठेहट हत्या, लूट, अपहरण के अनेक मामले दर्ज हैं लेकिन पिछले कुछ दिनों से राजू सीकर में शराफत की जिंदगी जी रहा था। कहा जा रहा है कि 2023 में विधानसभा चुनाव लड़ने की भी तैयारी थी। राजू की हत्या के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर रोहित गोदारा ने लिखा है कि राजू ठेहट हमारे बड़े भाई आनंदपाल और बलबीर बानूड़ा की हत्या में शामिल था। इसलिए हमने बदला ले लिया। रोहित गोदारा ने अपने साथ लॉरेंस बिश्नोई के होने का भी दावा किया है। लॉरेंस बिश्नोई इस समय दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और उस पर पंजाब के सिद्धू मूसेवाला की हत्या का आरोप है।
लॉरेंस गैंग के तार अंतर्राष्ट्रीय गैंगस्टर गोल्डी से जुड़े बताए जाते हैं। इन दिनों राजस्थान में गैंगस्टर की जंग चरम पर है। गैंगस्टर उत्तर प्रदेश के मुकाबले में राजस्थान को सुरक्षित मानते हैं। यही वजह है कि राजस्थान में वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से फरार हो जाते हैं।
अंतिम संस्कार करने से इनकार
राजू ठेहट की हत्या के विरोध में वीर तेजा सेना ने बेमियादी सीकर बंद की घोषणा कर दी है। सेना की ओर से कहा गया है कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं होते, तब तक शव का अंतिम संस्कार भी नहीं किया जाएगा। इस समय राजू ठेहट का शव सीकर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखा हुआ है। इस जघन्य हत्या कांड से पूरे सीकर जिले में रोष है। इसलिए बंद का आव्हान किया गया है। सेना के प्रतिनिधि ने कहा कि पकड़े जाने का कोई डर नहीं था, इसलिए हत्यारों ने अपना चेहरा भी नहीं ढंक रखा था। लोगों की मौजूदगी में ही बदमाश हवा में फायरिंग करते हुए पैदल ही मौके से भाग गए। सेना ने पुलिस पर भी ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने पंजाब सीमा पर नाकाबंदी की है लेकिन अभी तक हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।
कोचिंग संस्थान का ऐलान, बच्ची को देंगे फ्री शिक्षा
गोलीकांड में मारे गए ताराचंद कड़वासरा की बेटी सीकर के सीएलसी कोचिंग संस्थान में पढ़ रही थी। उसके पिता तराचंद की मौत के बाद संस्थान के डायरेक्टर श्रवण चौधरी ने उनकी बेटी को कोचिंग में निशुल्क पढ़ाई कराने की घोषण की है। उन्होंने कहा कि ताराचंद की बेटी को हम फ्री में कोचिंग पढ़ाएंगे। कड़वासरा परिवार का कोई भी बच्चा सीएलसी में कोचिंग लेने आएगा तो उसे भी निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।