Rajasthan: पाली में ईदगाह पर भगवा झंडा फहराने से तनाव, विरोध में निकाली वाहन रैली
सोजत में ईदगाह पर भगवा झंडा फहराने के विरोध में लोगों ने वाहन रैली निकाली। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपी को पकड़ने में जुट गई है।
विस्तार
पाली जिले के सोजत में धीनावास रोड स्थित ईदगाह पर भगवा झंडा फहराने का मामला सामने आया है। जिसके बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस हरकत में आई और झंडा कब्जे में लिया।
धीनावास रोड स्थित ईदगाह पर शनिवार की रात झंडा फहराया गया था। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम जुट गई है। वहीं मामले से आक्रोशित बड़ी संख्या में लोग ईदगाह पर जुट गए। उन्होंने घटना को लेकर सोजत हेमंत जाखड़ और एसएचओ जसवंत सिंह से विरोध जताया। साथ ही उन्होंने एसडीएम गोपाल जांगिड़ को ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय लोगों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले को गिरफ्तार कर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। उसके बाद सोजत में वाहन रैली निकाल विरोध जताया। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस जप्ता तैनात रहा।