{"_id":"6ad208dfde0a979cd808f7a2","slug":"madan-rathores-u-turn-standing-with-pakistan-is-simply-out-of-the-question-dotasra-hits-back-pakistan-is-in-the-very-veins-of-the-bjp-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4839364-2026-10-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान में गरमाई सियासत: पाकिस्तान वाले बयान पर मदन राठौड़ ने मारा यू-टर्न, डोटसरा ने निशाने पर लिया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान में गरमाई सियासत: पाकिस्तान वाले बयान पर मदन राठौड़ ने मारा यू-टर्न, डोटसरा ने निशाने पर लिया
Fri, 16 Oct 2026 06:49 PM IST
जयपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Fri, 16 Oct 2026 06:49 PM IST
सार
पाकिस्तान के साथ खड़े होने का बयान देकर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ बुरी तरह घिर गए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और प्रताप सिंह खाचरियावास ने उन पर निशाना साधा। इसके बाद राठौड़ ने अपने बयान पर यू टर्न मार दिया।
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर
विस्तार
राजस्थान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। इसी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने यू टर्न ले लिया है। राठौर ने कहा- मेरे बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। पाकिस्तान के साथ खड़े होने का सवाल ही नहीं पैदा होता। पाकिस्तान आतंक को पनाह देने वाला देश है। कांग्रेस से मुझे राष्ट्रवादिता के सर्टिफिकेट की आवश्यकता नहीं है।
विज्ञापन
डोटासरा ने निशाने पर लिया
राठौड़ के बयान को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने तीखा हमला बोला। दरअसल मदन राठौड़ ने कहा था कि यदि अमेरिका और पाकिस्तान में युद्ध हुआ, तो भारत पाकिस्तान के साथ है। राठौड़ के इस बयान को लेकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राठौड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान भारत के नागरिकों की हत्या करने, देश में आतंक फैलाने और सीमा पर जवानों को निशाना बनाने वाला देश है।
विज्ञापन
डोटासरा ने आरोप लगाया कि भाजपा का यह ‘पाकिस्तानी प्रेम’ देश के वीर जवानों की शहादत और करोड़ों भारतीयों का अपमान है। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाते हुए इतिहास की कई राजनीतिक घटनाओं का उल्लेख किया। डोटासरा ने जिन्ना की मुस्लिम लीग के साथ हिंदू महासभा की सरकार में भागीदारी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पाकिस्तान यात्रा, लालकृष्ण आडवाणी के जिन्ना की मजार जाने और अटलबिहारी वाजपेयी की लाहौर बस यात्रा तक का जिक्र किया।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: प्रतापगढ़: रेंजर हत्याकांड में डंपर मालिक-ड्राइवर समेत 3 गिरफ्तार, अवैध खनन रोकने पर कुचलकर कर दी थी हत्या
खाचरियावास ने भी साधा निशाना
कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने भी मदन राठौड़ के बयान पर भाजपा को घेरा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनमत खिसक रहा है और विभिन्न समुदायों के लोग विरोध कर रहे हैं। खाचरियावास ने आरोप लगाया कि भाजपा इस तरह के बयानों के जरिए अल्पसंख्यक समुदाय को अपने साथ साधने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाला मुसलमान पाकिस्तान से नफरत करता है और किसी भी परिस्थिति में पाकिस्तान के साथ खड़ा नहीं हो सकता। उन्होंने भाजपा से ऐसे बयानों को लेकर सवाल भी किए।
राठौड़ ने लिया यू टर्न
विवाद के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। राठौड़ के अनुसार, उन्होंने कभी युद्ध की बात नहीं की थी। वे भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच के संदर्भ में बात कर रहे थे लेकिन उनके बयान को युद्ध के संदर्भ में प्रस्तुत कर दिया गया। राठौड़ ने कहा कि पाकिस्तान आतंक को पनाह देने वाला देश है और भारत किसी भी सूरत में पाकिस्तान के साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ किसी प्रकार के संबंध का सवाल ही नहीं उठता। राठौड़ ने यह भी कहा कि जब उन्होंने पाकिस्तान का समर्थन किया ही नहीं तो माफी मांगने का सवाल भी पैदा नहीं होता।
इस तरह एक बयान के बाद शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है। कांग्रेस जहां राठौड़ के बयान को लेकर भाजपा को घेर रही है, वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष इसे संदर्भ से हटाकर पेश किया गया बयान बता रहे हैं।