{"_id":"6854fffaad4329015007417b","slug":"incident-of-robbery-of-gold-jewellery-and-diamonds-from-a-travel-bus-parked-near-a-hotel-solved-1-accused-arrested-sirohi-news-c-1-1-noi1344-3080043-2025-06-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sirohi News: होटल के बाहर खड़ी ट्रेवल्स बस से सोने की ज्वेलरी और हीरों की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Sirohi News: होटल के बाहर खड़ी ट्रेवल्स बस से सोने की ज्वेलरी और हीरों की लूट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
Fri, 20 Jun 2025 02:25 PM IST
सिरोही ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिरोही
Published by: सिरोही ब्यूरो
Updated Fri, 20 Jun 2025 02:25 PM IST
सार
ट्रेवल्स बस में सोने की ज्वेलरी लेकर जा रहे एक व्यक्ति को डरा-धमकाकर बैग छीनकर फरार हुए आरोपियों में से एक को जिले की पालड़ी एम थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी है।
विज्ञापन
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
विस्तार
जिले के पालड़ी एम थाना क्षेत्र के एक होटल पर खड़ी ट्रेवल्स बस में सोने की ज्वेलरी और हीरों की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। थाना अधिकारी फगलूराम ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही लूटी गई ज्वेलरी और हीरों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
सिरोही जिला पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रभुदयाल धानिया और शिवगंज वृत्ताधिकारी पुष्पेन्द्र वर्मा के निर्देशन में पालड़ी एम थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस ने मामले में जैसलमेर के रामदेवरा थाना क्षेत्र के लोहारखी निवासी मेहुल भाटी पुत्र ओमप्रकाश नाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि वारदात में प्रयुक्त हथियार, वाहन और लूटा गया सामान बरामद किया जा सके।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Ajmer News: अपहरण और नृशंस हत्या का खुलासा, पुलिस ने नागौर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, अन्य की तलाश जारी
विज्ञापन
प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान प्रवीणसिंह पुत्र राजेन्द्रसिंह, जितेन्द्रसिंह पुत्र मोहनसिंह राजपूत,चन्द्रवीरसिंह पुत्र नारायणसिंह राजपूत, शैतानसिंह पुत्र भारतसिंह राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। सभी आरोपियों पर विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
मामले में हिंगोला, थाना तखतगढ़, जिला पाली निवासी जब्बरसिंह पुत्र विजयसिंह रावणा ने 2 जून 2025 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि वे जोधपुर से अहमदाबाद जाने वाली जाखड़ ट्रेवल्स बस में तीन पार्सल लेकर निकले थे, जिनमें सोने की ज्वेलरी थी। सुमेरपुर से एक और पैकेट भी साथ मिला। रात करीब 1:15 बजे बस प्रतीक्षा होटल, बागसीन पर रुकी। इसी दौरान तीन बदमाशों ने पार्सल बैग छीन लिया और भागने लगे। जब शिकायतकर्ता ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने डराने के लिए फायरिंग की और पहले से खड़ी सफेद स्विफ्ट कार में सवार होकर बागसीन की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, जिसमें अब एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है।