{"_id":"6a4117949b7af4e4ea052183","slug":"police-constable-dies-of-heart-attack-sawai-madhopur-news-c-1-1-noi1439-4444156-2026-06-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: एसआई भर्ती की तैयारी कर रहे कांस्टेबल की दौड़ के दौरान गई जान, एक्सरसाइज करते समय आया हार्ट अटैक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: एसआई भर्ती की तैयारी कर रहे कांस्टेबल की दौड़ के दौरान गई जान, एक्सरसाइज करते समय आया हार्ट अटैक
Sun, 28 Jun 2026 08:40 PM IST
सवाई ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर
Published by: सवाई ब्यूरो
Updated Sun, 28 Jun 2026 08:40 PM IST
सार
Sawai Madhopur News: पुलिस लाइन में कार्यरत कांस्टेबल कुंजीलाल मीणा की आज रविवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद उनका शव जिला अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने पूरे सम्मान के साथ शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
पुलिस कांस्टेबल की हार्ट अटैक से मौत
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सवाई माधोपुर पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल कुंजीलाल मीणा की रविवार सुबह दौड़ और एक्सरसाइज के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। वह इन दिनों सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती की तैयारी कर रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने राजकीय सम्मान के साथ पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से पुलिस विभाग और गांव में शोक की लहर है।
विज्ञापन
एसआई भर्ती की तैयारी के लिए कर रहे थे अभ्यास
कोतवाली थाना अधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि मृतक कांस्टेबल कुंजीलाल मीणा गंभीरा गांव के निवासी थे। वह पुलिस लाइन में तैनात रहते हुए एसआई भर्ती की तैयारी कर रहे थे। इसी सिलसिले में रविवार सुबह उन्होंने नियमित रूप से दौड़ लगाई। दौड़ पूरी करने के बाद वह एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुंजीलाल मीणा अपनी फिटनेस और सेवा के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते थे तथा इन दिनों सब-इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए थे।
विज्ञापन
अचानक आया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत
साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने देखा कि कुंजीलाल मीणा अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। घटना के बाद पुलिस लाइन में शोक का माहौल छा गया।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम के बाद राजकीय सम्मान के साथ परिजनों को सौंपा पार्थिव शरीर
घटना की सूचना मिलने के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। कोतवाली थाना अधिकारी मदन लाल मीणा और अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई गई। इसके बाद पुलिस ने पूरे सम्मान के साथ कांस्टेबल कुंजीलाल मीणा के पार्थिव शरीर को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। अंतिम विदाई के दौरान पुलिसकर्मियों ने उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
यह भी पढ़ें: डमी कैंडिडेट बनकर दिलाई सरकारी नौकरी, दो साल बाद SOG के हत्थे चढ़ा 10 हजार का इनामी छात्र
पुलिस विभाग और गांव में शोक की लहर
कुंजीलाल मीणा के आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, उनके पैतृक गांव गंभीरा में भी मातम का माहौल है। परिजनों और परिचितों का कहना है कि वह मेहनती, अनुशासित और अपने लक्ष्य को लेकर बेहद गंभीर थे। एसआई बनने का उनका सपना अचानक आई इस दुखद घटना के साथ अधूरा रह गया।