पायलट ने विधायक मलिंगा से लिखित माफी और एक रुपये की मांग की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने उन पर भाजपा में जाने के लिए धन की पेशकश करने का आरोप लगाने वाले कांग्रेसी विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा से एक रुपये और लिखित माफी की मांग की है। पायलट ने अपने वकील के जरिए मलिंगा को सात दिन के भीतर प्रेस में लिखित माफी मांगने का एक कानूनी नोटिस भेजा है।
नोटिस में कहा गया है, हमारे मुवक्किल पर झूठे और तथ्यहीन आरोप लगाने के लिए इस नोटिस की प्राप्ति के सात दिन में हमारे मुवक्किल को राशि एक रुपया चुकाने और प्रेस के समक्ष लिखित माफी मांगने की मांग करते हैं। नोटिस के अनुसार यदि मलिंगा लिखित माफी नहीं मांगते हैं और राशि नहीं चुकाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि मलिंगा ने सोमवार को आरोप लगाया था कि तत्कालीन उप मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट ने उनसे पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने के बारे में चर्चा की थी और इसके लिए धन की पेशकश भी की थी।
यह भी पढ़ें: एसएचओ खुदकुशी मामले में सीबीआई ने अशोक गहलोत के ओएसडी से की पूछताछ
कांग्रेस विधायक ने कहा था कि यह दिसंबर से हो रहा है, यह कोई नई बात नहीं है। मैंने उनसे कहा कि मैं ऐसा नहीं कर सकता। मलिंगा ने बताया कि इसके बाद उनकी पायलट से दो-तीन बार बातचीत हुई थी।
पायलट ने इन आरोपों को निराधार और चिंताजनक बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि वह मलिंगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मैं दुखी हूं लेकिन मेरे खिलाफ लगाए जा रहे ऐसे बेबुनियाद और जबरदस्त आरोपों को लेकर आश्चर्यचकित नहीं हूं। मुझे यकीन है कि मेरी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए मुझ पर इस तरह के और भी संगीन आरोप लगाए जाएंगे। लेकिन मैं अपने विश्वास पर अडिग रहूंगा।
इससे पहले, मंगलवार को राजस्थान उच्च न्यायालय में बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई पूरी हो गई। अदालत ने सचिन पायलट के खेमे को राहत देते हुए 24 जुलाई तक की मोहलत दी। याचिका पर फिलहाल अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है लेकिन 24 जुलाई को न्यायालय इसपर फैसला सुनाएगा। तब तक स्पीकर सीपी जोशी बागी विधायकों के खिलाफ किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं कर सकते हैं।