Rajasthan News: भिवाड़ी में केमिकल फैक्टरी में भयंकर आग, आठ मजदूर जिंदा जले; फैक्टरी में मची चीख-पुकार
खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एक केमिकल फैक्टरी में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। आग कुछ ही मिनटों में पूरी इकाई में फैल गई, जिससे अंदर काम कर रहे कई श्रमिक इसकी चपेट में आ गए।
विस्तार
राजस्थान के भिवाड़ी स्थित खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक निजी औद्योगिक इकाई में लगी आग में करीब आठ श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
नहीं मिला बाहर आने का मौका
जानकारी के अनुसार, खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट जी-1-118 बी में सोमवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि आग ने कुछ ही मिनटों में भयानक रूप ले लिया और पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि अंदर काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, आग में झुलसकर करीब छह श्रमिकों की मौके पर ही मौत की खबर मिली। इसके बाद ये आंकड़ा आठ तक पहुंच गया है। कई मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। राहत और बचाव टीम को अंदर से जो शव मिले, वे बुरी तरह जले हुए थे। कुछ शव इतने अधिक झुलस चुके थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतकों की पहचान करने की कोशिश जारी है।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन के अधिकारी, दमकल विभाग की कई गाड़ियां, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया और आग पर काबू पाने के साथ अंदर फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार दो लोग अंदर फंसे होने की आशंका है। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
ये भी पढ़ें- Mahashivratri 2026: इस शिव मंदिर पर टूटा था ब्रह्या व विष्णु का अंहकार, 525 शिवलिंगों की अनोखी श्रृंखला
नहीं पता चल सकता है कारण
आग लगने के कारणों का अभी तक साफ पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। साथ ही फैक्टरी के सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया है।
जांच के आदेश, सुरक्षा मानकों पर सवाल
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट, रासायनिक प्रतिक्रिया या ज्वलनशील सामग्री में विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और फैक्टरी के लाइसेंस, सुरक्षा उपकरणों व अग्निशमन इंतजामों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता और मुआवजे का आश्वासन दिया है। फिलहाल आग पूरी तरह बुझा दी गई है और विस्तृत जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.