Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   rajasthan government medical colleges 264 pg md ms seats vacant sms jaipur

राजस्थान: सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की 264 सीटें खाली, एसएमएस में सबसे ज्यादा 73 पर नहीं मिला दाखिला

Sun, 15 Nov 2026 11:40 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर Published by: आशुतोष प्रताप सिंह Updated Sun, 15 Nov 2026 11:40 AM IST
सार

राजस्थान के आठ सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की 264 एमडी और एमएस सीटें खाली रह गई हैं। एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर में सबसे ज्यादा 73 सीटें रिक्त हैं। विषयवार आंकड़ों में एनेस्थीसिया की 54 सीटें खाली हैं।

विज्ञापन
rajasthan government medical colleges 264 pg md ms seats vacant sms jaipur
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : adobestock

विस्तार

राजस्थान के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम की 264 एमडी और एमएस सीटें खाली रह गई हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की बढ़ती जरूरत के बीच बड़ी संख्या में मेडिकल सीटों पर दाखिला नहीं होना चिंता का विषय है। प्रदेश के आठ सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सबसे ज्यादा 73 सीटें जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) मेडिकल कॉलेज में खाली हैं। यह कुल रिक्त सीटों का 27.7 प्रतिशत है। अभ्यर्थियों की ओर से प्रवेश नहीं लेने के कारण सरकारी मेडिकल संस्थानों में पीजी स्तर की इतनी बड़ी संख्या में सीटें खाली रह गई हैं।

विज्ञापन

SMS जयपुर में सबसे ज्यादा 73 सीटें खाली

प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त सीटों के मामले में एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर सबसे आगे है। यहां पीजी की 73 सीटें खाली हैं। इसके बाद डॉक्टर संपूर्णानंद (एसएन) मेडिकल कॉलेज जोधपुर में 45 सीटों पर दाखिला नहीं हुआ है। यह कुल रिक्त सीटों का 17 प्रतिशत है।

विज्ञापन

वहीं, सरदार पटेल (एसपी) मेडिकल कॉलेज बीकानेर में 40 सीटें खाली हैं, जो कुल रिक्तियों का 15.2 प्रतिशत है। इसके अलावा कोटा मेडिकल कॉलेज में 34, जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) मेडिकल कॉलेज अजमेर में 33 और रवींद्रनाथ टैगोर (आरएनटी) मेडिकल कॉलेज उदयपुर में 18 सीटें रिक्त हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

इसी तरह राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) मेडिकल कॉलेज जयपुर में 13 और कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) मेडिकल कॉलेज अलवर में आठ सीटों पर दाखिला नहीं हुआ है।

एनेस्थीसिया में सबसे ज्यादा 54 सीटें खाली

विषयवार आंकड़ों पर नजर डालें तो एनेस्थीसिया विभाग में सबसे ज्यादा 54 पीजी सीटें खाली हैं। इनमें अकेले एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर की 22 सीटें शामिल हैं। यह एनेस्थीसिया की कुल रिक्त सीटों का 40.7 प्रतिशत है।
इसके अलावा एसएन मेडिकल कॉलेज जोधपुर में एनेस्थीसिया की 11, कोटा मेडिकल कॉलेज में आठ और एसपी मेडिकल कॉलेज बीकानेर में सात सीटें खाली हैं। वहीं, आरयूएचएस जयपुर में प्रबंधन कोटे की एक सीट भी रिक्त है।

मेडिकल शिक्षा सोसायटी के कॉलेजों में भी 52 सीटें खाली

सरकारी मेडिकल कॉलेजों के अलावा मेडिकल शिक्षा सोसायटी के तहत संचालित संस्थानों में भी पीजी की 52 सीटें खाली रह गई हैं। इनमें सबसे ज्यादा 23 सीटें भीलवाड़ा में रिक्त हैं। झालावाड़ और सीकर में सात-सात, भरतपुर में छह, अलवर में चार, चूरू में तीन और डूंगरपुर में दो सीटों पर प्रवेश नहीं हुआ है।

निजी मेडिकल कॉलेजों में भी बड़ी संख्या में सीटें रिक्त

निजी मेडिकल कॉलेजों में पीजी सीटों के खाली रहने का आंकड़ा और भी बड़ा है। उदयपुर के पेसिफिक मेडिकल कॉलेज उमरड़ा में सबसे ज्यादा 225 सीटें खाली हैं। इसके बाद जयपुर के निम्स विश्वविद्यालय में 218 और पेसिफिक मेडिकल कॉलेज भीलों का बेड़िया में 216 सीटें रिक्त हैं।
वहीं, गीतांजलि मेडिकल कॉलेज उदयपुर में 197, जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी (जेएनयू) मेडिकल कॉलेज जयपुर में 181, महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज जयपुर में 123 और एसएस टांटिया मेडिकल कॉलेज गंगानगर में 115 सीटें खाली पड़ी हैं।

अगले चरण में अभ्यर्थियों को मिलेगा विकल्प भरने का मौका

खाली रह गई पीजी सीटों को भरने के लिए अब प्रवेश प्रक्रिया के अगले विकल्प चयन चरण में अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। इस दौरान अभ्यर्थी बची हुई सीटों के लिए अपनी प्राथमिकताएं भर सकेंगे। इसके बाद उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed