राजस्थान के पुलिसकर्मी को मंगेतर से 'रिश्वत' लेना पड़ा भारी, शिकायत दर्ज
कई बार प्री-वेडिंग फोटोशूट (शादी से पहले फोटोशूट कराना) मुसीबत में भी डाल सकता है। ऐसा ही कुछ राजस्थान के एक पुलिसकर्मी के साथ भी हुआ है। यहां उदयपुर के कोटड़ा थाने के थानाधिकारी एसआई धनपत सिंह ने ये फोटोशूट वर्दी में करवाया था। इस दौरान उन्होंने अपनी मंगेतर से 500 रुपये भी लिए। जिसके बाद उनके ही बैचमेट एसआई और चित्ताैड़गढ़ के मंडफिया के थानाधिकारी ने वर्दी में घूस लेने की शिकायत कर दी।
इस मामले पर आईजी (कानून व्यवस्था) हवासिंह का कहना है कि ये साख गिराने वाला है। साथ ही उन्होंने वर्दी में इस तरह के फोटोशूट पर रोक लगाने को कहा है। उन्होंने कहा है कि कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं उदयपुर के एसपी कैलाश चंद्र बिश्नोई का कहना है कि धनपत के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
जो भी आदेश मिलेगा उसका पालन करूंगा
अपने खिलाफ हुई शिकायत के बाद धनपत सिंह का कहना है कि विभाग से जो भी आदेश मिलेगा, उसका पालन करूंगा। हालांकि धनपत की शादी बीते महीने ही हुई है। और जो प्री-वेडिंग का वीडियो है, वह शादी से एक महीने पहले का है। इस वीडियो में वह अपनी प्रेम कहानी को यातायात चौकिंग के दौरान हुई मुलाकात से शुरू करते हुए दिखाते हैं।
वीडियो में दिखाया गया है कि युवती (धनपत की पत्नी) बिना हैलमेट पहने आती है और उसे धनपत के साथ खड़े पुलिसकर्मी रोकते हैं। ये पुलिसकर्मी युवती से जैसे ही कुछ कहते हैं, तभी युवती धनपत की जेब में 500 रुपये रख देती है। इन्हीं पैसों को रिश्वत के रूप में दिए जाने को लेकर शिकायत दर्ज की गई है।
वीडियो दुर्भाग्यपूर्ण है
आईजी हवासिंह ने शिकायत के बारे में बात करते हुए कहा कि वीडियो में पुलिसकर्मी अपनी होने वाली पत्नी की गाड़ी रुकवाकर वर्दी में रिश्वत लेते हुए दिख रहे हैं। हवासिंह ने कहा है कि पुलिसकर्मी द्वारा ऐसा वीडियो बानाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
साथ ही इससे पुलिस की वर्दी पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विवाह या फिर किसी अन्य समारोह में वीडियाे शूट में पुलिस वर्दी के काेड अाॅफ कंडक्ट का ध्यान रखते हुए एेसे शूट काे पूरी तरह से राेका जाना चाहिए।