पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस ने कई जगह बदला समीकरण, पश्चिम में भाजपा मजबूत; निर्दलीय बने निर्णायक
राजस्थान निकाय चुनावों में भाजपा, कांग्रेस और सीपीएम ने कई अहम बोर्डों पर कब्जा जमाया। अजमेर, पाली, उदयपुर में भाजपा, बीकानेर में कांग्रेस और नोखा में सीपीएम जीती।
विस्तार
राजस्थान के नगरीय निकाय चुनावों में पार्षदों के बाद अब मेयर, सभापति और पालिकाध्यक्ष के चुनाव ने अलग राजनीतिक तस्वीर सामने रखी है। खासकर पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस ने कई निकायों में पार्षदों की संख्या से आगे बढ़कर बोर्ड बनाने में कामयाबी हासिल की, जबकि भाजपा ने भी कुछ जगह निर्दलीयों के सहारे बाजी पलटी। पश्चिमी राजस्थान में भाजपा का दबदबा दिखा, वहीं नोखा में माकपा ने अपना प्रभाव कायम रखा।
पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस को दौसा, बसवा, मालाखेड़ा, नीमराणा और करौली में अहम सफलता मिली। बसवा में कांग्रेस के छोटेलाल ईटोडा ने भाजपा के मुकेश कुमार सैनी को पांच वोट से हराया। दौसा नगर परिषद में रेखा गुर्जर सभापति बनीं। मालाखेड़ा में सावित्री मीणा और नीमराणा में दिलकौर ने अध्यक्ष पद हासिल किया। नीमराणा में कांग्रेस के सात पार्षद थे, जबकि भाजपा के आठ; निर्दलीयों के समर्थन से कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंची।
करौली में भी कांग्रेस ने अपने 28 पार्षदों की संख्या को अध्यक्ष पद में बदला। सुनील सैनी को 30 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी को 25 वोट मिले। यहां 15 निर्दलीय पार्षदों ने समीकरण को महत्वपूर्ण बनाया।
इसके उलट बहरोड़ में भाजपा के कमल यादव ने बड़ी जीत दर्ज की। 55 सदस्यीय परिषद में उन्हें 49 और कांग्रेस के नवीन यादव को छह वोट मिले। शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र में भी तस्वीर मिली-जुली रही। शाहपुरा में भाजपा, जबकि मनोहरपुर और खेजरोली में कांग्रेस का बोर्ड बना।
यह भी पढें- राजस्थान: छुट्टी के दिन विशेष सुनवाई के लिए खुला हाईकोर्ट, रात 12 बजे आया ये अहम आदेश
पश्चिमी राजस्थान में भाजपा मजबूत, नोखा में माकपा की पकड़
पश्चिमी राजस्थान में भाजपा ने कई निकायों में अध्यक्ष पद हासिल किया। आहोर, बाली, चौहटन, धोरीमन्ना और रायपुर जैसे निकायों में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए।
नोखा इसका अपवाद रहा। यहां सीपीएम के बजरंग सोनी अध्यक्ष बने। उन्हें 32 वोट मिले। नोखा में माकपा के पास पर्याप्त पार्षद होने के कारण अध्यक्ष चुनाव में दूसरे दलों पर निर्भरता नहीं रही।
बड़े नगर निगमों में भी मुकाबला दिलचस्प रहा। अजमेर और पाली में भाजपा ने मेयर पद हासिल किया, जबकि बीकानेर में कांग्रेस अपना मेयर बनाने में सफल रही। अजमेर में कांग्रेस पार्षदों की संख्या अधिक होने के बावजूद भाजपा की अनामिका शर्मा ने 43 वोट लेकर कांग्रेस प्रत्याशी को 37 वोट पर रोक दिया। यहां निर्दलीयों का समर्थन निर्णायक रहा।
निकाय चुनाव का बड़ा संदेश
इन नतीजों से एक बात साफ है कि पार्षद चुनाव का गणित सीधे मेयर या अध्यक्ष चुनाव में तब्दील नहीं हुआ। जहां स्पष्ट बहुमत नहीं था, वहां निर्दलीय पार्षद निर्णायक बने। नीमराणा और अजमेर इसके प्रमुख उदाहरण हैं। वहीं करौली और बहरोड़ में भी अतिरिक्त वोटों ने अध्यक्ष चुनाव का रास्ता तय किया।
यानी पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस ने कई जगह कमजोर संख्या के बावजूद समीकरण साधे, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भाजपा ने अपने संगठन और समर्थन के बूते कई निकायों पर कब्जा जमाया। नोखा में माकपा की जीत ने यह भी दिखाया कि स्थानीय स्तर पर तीसरी ताकत अब भी समीकरण बदल सकती है।
बॉक्स-1 | पूर्वी राजस्थान : किस निकाय में कौन जीता?
निकाय | विजेता | पार्टी | स्थिति
---------------------|--------------------|-----------|---------------------------
बसवा | छोटेलाल ईटोडा | कांग्रेस | भाजपा को 5 वोट से हराया
दौसा नगर परिषद | रेखा गुर्जर | कांग्रेस | सभापति निर्वाचित
बहरोड़ नगर परिषद | कमल यादव | भाजपा | कांग्रेस को 49-6 से हराया
शाहपुरा नगर परिषद | रविश खटाणा | भाजपा | कांग्रेस प्रत्याशी हारी
मनोहरपुर नगर पालिका | अर्जुन मोहनपुरिया | कांग्रेस | 21 वोट, निर्दलीय 14
खेजरोली नगर पालिका | सुनिता सैनी | कांग्रेस | कांग्रेस का बहुमत
मालाखेड़ा | सावित्री मीणा | कांग्रेस | अध्यक्ष निर्वाचित
नीमराणा | दिलकौर | कांग्रेस | निर्दलीयों के समर्थन से
करौली नगर परिषद | सुनील सैनी | कांग्रेस | 30 वोट, भाजपा 25
सपोटरा | सपना बैरवा | भाजपा | कांग्रेस को 16-4 से हराया
भरतपुर नगर निगम | अनुराधा सिंह | भाजपा | निर्विरोध
हिंडौन नगर परिषद | विजय कुमारी | भाजपा | निर्विरोध
धौलपुर नगर परिषद | गिरीश कुमार | निर्दलीय | निर्विरोध
बयाना | उषा अग्रवाल | भाजपा | निर्विरोध
कामां | सत्यदेव | भाजपा | निर्विरोध
डीग | अर्पित | भाजपा | निर्विरोध
खेड़ली | पवन कुमार जैन | भाजपा | निर्विरोध
कोटकासिम | रेखा सैनी | भाजपा | निर्विरोध
महवा | विनीत कुमार | भाजपा | निर्विरोध
नदबई | कमलेश | भाजपा | निर्विरोध
पहाड़ी | शिशुपाल | भाजपा | निर्विरोध
रूपबास | दिलीप कुमार | भाजपा | निर्विरोध
सरमथुरा | रामकला | कांग्रेस | निर्विरोध
सीकरी | चंचल | भाजपा | निर्विरोध
उच्चैन | दलीप सिंह अंबेश | भाजपा | निर्विरोध
बॉक्स-2 | पश्चिमी राजस्थान : किस निकाय में कौन जीता?
निकाय | विजेता | पार्टी | स्थिति
---------------------|--------------------|-----------|---------------------------
नोखा नगरपालिका | बजरंग सोनी | सीपीएम | 32 वोट
आहोर | सुरेश कुमार | भाजपा | निर्विरोध
बाली | देवी बाई | भाजपा | निर्विरोध
चौहटन | रूपसिंह राठौड़ | भाजपा | निर्विरोध
धोरीमन्ना | कीर्ति गुंसाईवाल | भाजपा | निर्विरोध
रायपुर | दिलीप कुमार | भाजपा | निर्विरोध
अजमेर नगर निगम | अनामिका शर्मा | भाजपा | 43 वोट, कांग्रेस 37
पाली नगर निगम | नमिता बुबकिया | भाजपा | मेयर निर्वाचित
उदयपुर नगर निगम | पारस सिंघवी | भाजपा | कांग्रेस प्रत्याशी हारी
बीकानेर नगर निगम | अनिल कल्ला | कांग्रेस | भाजपा प्रत्याशी हारे
बॉक्स-3 | जयपुर जिले के निकाय : किसके खाते में कौन सा बोर्ड?
निकाय | विजेता | पार्टी
---------------------|--------------------|-----------
चौमूं | आशीष दुषाद | भाजपा
बगरू | संतोष चौहान | भाजपा
बस्सी | निर्मला खोलिया | भाजपा
जमवारामगढ़ | राकेश वर्मा | भाजपा
कालाडेरा | उर्मिला कुमावत | भाजपा
किशनगढ़-रेनवाल | सुनीता अग्रवाल | भाजपा
फुलेरा | राजू शर्मा | भाजपा
सांभर | पवन कुमार मोदी | भाजपा
वाटिका | कमला देवी | भाजपा
चाकसू | पुष्पा | भाजपा
कानोता | रामकिशन | कांग्रेस
नारायणा | अब्दुल रज्जाक | कांग्रेस
फागी | सुरेश | कांग्रेस