Falaudi: युवक के अपहरण, मारपीट और वीडियो वायरल करने का मामला, आरोपियों की पुलिस ने निकाली परेड
Falaudi: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चारण ने बताया कि यह घटना न केवल अत्यंत असामाजिक और अमानवीय है, बल्कि समाज की नैतिकता पर भी कुठाराघात करती है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
विस्तार
मतोड़ा थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण, बंधक बनाकर मारपीट करने और अशोभनीय हरकतों के आरोप में गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पुलिस ने शनिवार को सरेबाज़ार परेड करवाई। यह कार्रवाई आमजन में विश्वास कायम करने और अपराधियों में कानून का डर पैदा करने के उद्देश्य से की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फलौदी बृजराज सिंह चारण ने बताया कि 25 मई को सोशल मीडिया पर एक युवक को निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटने और उसके साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो वायरल हुआ था। जांच के दौरान सामने आया कि 24 मई की रात लाखेटा गांव निवासी युवक का अपहरण कर उसे रातभर बंधक बनाकर मारपीट की गई। इस दौरान आरोपियों ने युवक को जबरन यूरिन पिलाया, उसके मोबाइल फोन से रुपए ट्रांसफर करवाए और उसके परिजनों से तीन लाख रुपए की फिरौती भी मांगी।
पढ़ें: एसएमएस में एक अज्ञात मरीज की मौत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मिला कोविड पॉजिटिव; अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग
चारण ने बताया कि यह घटना न केवल अत्यंत असामाजिक और अमानवीय है, बल्कि समाज की नैतिकता पर भी कुठाराघात करती है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
बताया गया है कि यह मामला स्थानीय सामाजिक कुप्रथा ‘आटा-साटा’ से जुड़े विवाद से जुड़ा है, जिसके चलते यह पूरी घटना अंजाम दी गई। आरोपियों द्वारा घटना का वीडियो बनाकर वायरल करना भी उनके आपराधिक मानसिकता को दर्शाता है। पुलिस का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।