राजस्थान में बोले पीएम मोदी- सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं झुकने दूंगा
राजस्थान के चुरू में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज ऐसा दिन है कि भारत के वीरों को सर झुका कर नमन करें। प्रधानमंत्री ने कहा, 'आज चुरू की धरती से, मैं देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि देश सुरक्षित हाथों में है।' उन्होंने कहा कि चुरू की धरती से मैं देशवासियों को दोहरा रहा हूं। सौगंध मुझे इसे मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा, मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा। मेरा वचन है भारत मां को तेरा शीश झुकने नहीं दूंगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वीर रस से भरी कविता पढ़ी-
'सौगंध मुझे इस मिट्टी की, मैं देश नहीं मिटने दूंगा।
मैं देश नहीं रुकने दूंगा, मैं देश नहीं झुकने दूंगा।।
मेरा वचन है भारत मां को तेरा शीश नहीं झुकने दूंगा।
सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा।'
उन्होंने कहा, 'देश से बढ़कर हमारे लिए कुछ नहीं है। देश की सेवा करने वालों को, देश के निर्माण में लगे हर व्यक्ति को आपका ये प्रधानसेवक नमन करता है।' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शहीदों के परिवारों और पूर्व सैनिकों से वन पेंशन वन रैंक (ओआरओपी) को लागू करने का वादा किया था। मुझे खुशी है कि राजस्थान के हजारों परिवार सहित देशभर के 20 लाख से अधिक सैनिक परिवारों को ओआरओपी का लाभ मिल चुका है।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए खुद से बड़ा दल है और दल से भी बड़ा देश है। इसी भावना के साथ हम निरंतर देश के प्रत्येक जन की सेवा में लगे हुए हैं। दो दिन पूर्व, देश के इतिहास में किसानों के लिए बनाई गई सबसे बड़ी योजना की शुभ शुरुआत हुई है। एक बटन दबाते ही देशभर के एक करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खाते में 2 हजार रुपये की पहली किश्त पहुंच गई है और बाकियों को भेजने का काम जारी है। लेकिन दु:ख की बात ये है कि उसमें चुरु का, राजस्थान का एक भी किसान परिवार नहीं था। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां की सरकार ने अभी तक केंद्र सरकार को लाभार्थी किसानों की सूची ही नहीं भेजी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'जब हमने पीएम किसान योजना की घोषणा की थी तो लोग कहते थे कि ये नहीं हो पाएगा, ये नामुमकिन है। लेकिन नामुमकिन अब मुमकिन है, क्योंकि ये मोदी सरकार है।' उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 50 करोड़ गरीबों को हर वर्ष 5 लाख रुपये का मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक देश भर में 13 लाख लोगों को इसका लाभ मिल चुका है, लेकिन इसमें राजस्थान का एक बच्चा भी शामिल नहीं है।
उन्होंने कहा, 'यह बदला हुआ भारत है, जो नई रफ्तार से काम कर रहा है। मुझे इस बात का गर्व है कि पिछले साढ़े चार साल में गरीबों के लिए डेढ़ करोड़ से ज्यादा मकान बन चुके हैं।'
PM Narendra Modi in Churu, Rajasthan: Today I repeat what I said back in 2014 - Saugandh mujhe is mitti ki main desh nahi mitne doonga, main desh nahi rukne doonga. Main desh nahi jhukne doonga....Mera vachan hai Bharat maa ko, tera sheesh nahi jhukne doonga... pic.twitter.com/lChHOJm94Z
— ANI (@ANI) February 26, 2019