{"_id":"6aabe0ab1d55b89d4403d30a","slug":"mayoral-elections-in-jaipur-jodhpur-and-kota-to-be-held-on-september-25-news-update-in-hindi-2026-09-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"महापौर चुनाव: जयपुर, जोधपुर और कोटा में 25 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव, मतदान के बाद इसी दिन आएगा परिणाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
महापौर चुनाव: जयपुर, जोधपुर और कोटा में 25 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव, मतदान के बाद इसी दिन आएगा परिणाम
Thu, 17 Sep 2026 06:14 PM IST
शबाहत हुसैन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर/जोधपुर/कोटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर/जोधपुर/कोटा
Published by: शबाहत हुसैन
Updated Thu, 17 Sep 2026 06:14 PM IST
सार
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में महापौर चुनाव 25 सितंबर को होंगे। 18 सितंबर को लोक सूचना जारी होगी, 19 को नामांकन और 21 को संवीक्षा होगी। सुकेत नगरपालिका में उपाध्यक्ष का चुनाव 26 सितंबर को होगा।
विज्ञापन
जयपुर-जोधपुर-कोटा के मेयर चुनाव की तारीख तय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राज्य निर्वाचन आयोग ने राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों के साथ सुकेत नगरपालिका में महापौर/अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इन चारों निकायों के कुछ वार्डों में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण चुनाव कार्यक्रम स्थगित किया गया था। अब इन निकायों में महापौर और अध्यक्ष पद के चुनाव 25 सितंबर को होंगे और इसी दिन परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन
महापौर और अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, महापौर या अध्यक्ष पद के लिए लोक सूचना 18 सितंबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 19 सितंबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 21 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक होगी। प्रत्याशी 22 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। महापौर और अध्यक्ष पद के लिए मतदान 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।
विज्ञापन
पढ़ें: कोटा नगर निगम में भाजपा को बहुमत, अब किसके सिर सजेगा मेयर का ताज? इन नामों ने बढ़ाई सियासी हलचल
विज्ञापन
सुकेत में उपाध्यक्ष पद का चुनाव 26 सितंबर को
सुकेत नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया 26 सितंबर को पूरी होगी। उम्मीदवार सुबह 10 बजे से 11 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। उम्मीदवार दोपहर 2 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इन निकायों के कुछ वार्डों में 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया गया था, जबकि 17 सितंबर को इनके परिणाम घोषित किए गए।
305 नगरीय निकायों में 872 उम्मीदवार
राजस्थान के 305 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए 872 उम्मीदवारों ने कुल 989 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। भाजपा और कांग्रेस के अलावा कई निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। राजनीतिक दलों के सामने अधिकृत उम्मीदवारों के साथ-साथ बागी प्रत्याशियों की चुनौती भी बनी हुई है।