{"_id":"6a053d6fa897d8c87109e060","slug":"massive-fire-erupts-at-cardboard-warehouse-near-jaipur-delhi-highway-firefighter-injured-kotputli-behror-news-c-1-1-noi1440-4280163-2026-05-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kotputli-Behror: हाईवे किनारे गत्ता गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों का सामान जलकर राख","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kotputli-Behror: हाईवे किनारे गत्ता गोदाम में भीषण आग, 4 घंटे की मशक्कत के बाद काबू, लाखों का सामान जलकर राख
Thu, 14 May 2026 11:10 AM IST
कोटपुतली ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Thu, 14 May 2026 11:10 AM IST
सार
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर स्थित गत्ता गोदाम में बुधवार देर रात लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियों ने करीब चार घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
गत्ता गोदाम में लगी भीषण आग
विस्तार
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मौलाहेड़ा गांव के पास स्थित एक गत्ता गोदाम में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं और आंधी के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा भारी मात्रा में गत्ता और अन्य सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे वाहन चालक भी रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके कुछ ही मिनटों बाद आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। पानी के टैंकरों और पाइपों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई लेकिन तेज हवाओं के कारण आग लगातार फैलती रही।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Rajasthan: जल्द खत्म होगा पचपदरा रिफाइनरी का इंतजार, मंत्री ने बताया PM मोदी कब करेंगे उद्घाटन?
विज्ञापन
सूचना मिलते ही डीएसपी राजेन्द्र बुरड़क पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास का क्षेत्र खाली करवाकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली। वहीं दमकल विभाग की करीब आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने लगातार चार घंटे तक मशक्कत कर देर रात आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान एक फायरकर्मी घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
आगजनी के कारण कुछ समय के लिए जयपुर-दिल्ली हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते गोदाम के आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या तेज गर्मी के कारण आग भड़की हो सकती है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं, वहीं आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।