दिवाली से पहले कोटा में बड़ी कार्रवाई: 20 क्विंटल संदिग्ध मावा-मिल्क केक जब्त; इलाकों में खपाने की आशंका
राजस्थान के कोटा में दिवाली से पहले पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट की आशंका पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 20 क्विंटल संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त किया है। शहर के सिंधी कॉलोनी इलाके में महज 100 वर्ग फीट की दुकान पर छापा मारने के दौरान दो अलग-अलग ब्रांड के 48 कार्टन मिले।
विस्तार
दिवाली से पहले राजस्थान के कोटा में खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को लेकर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के सिंधी कॉलोनी इलाके में एक छोटी सी दुकान पर छापा मारकर करीब 20 क्विंटल संदिग्ध मावा और मिल्क केक जब्त किया गया है। आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में रखी गई खाद्य सामग्री को दिवाली के दौरान ग्रामीण इलाकों में बेचने की तैयारी थी। पुलिस को सूचना मिलने के बाद किशोरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को बुलाया। दोनों विभागों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सामग्री की जांच की और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए नमूने लिए हैं।
100 वर्ग फीट की दुकान में मिले दो ब्रांड के 48 कार्टन
सिंधी कॉलोनी में जिस दुकान पर छापा मारा गया, उसका क्षेत्रफल महज 100 वर्ग फीट है। दुकान बृजेश कुमार की है, जिसे उन्होंने जमुना शंकर राठौड़ को किराए पर दे रखा था। जांच के दौरान दुकान में दो अलग-अलग ब्रांड के कुल 48 कार्टन रखे मिले। इतनी छोटी जगह में भारी मात्रा में खाद्य सामग्री देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। किशोरपुरा थानाधिकारी चेतन शर्मा के अनुसार, प्रत्येक कार्टन में 16 डिब्बे रखे थे और हर डिब्बे का वजन करीब ढाई किलोग्राम था। इस तरह कुल 768 डिब्बों में लगभग 1,920 किलोग्राम यानी करीब 20 क्विंटल मावा और मिल्क केक बरामद हुआ।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए छह नमूने, पूरा माल सीज
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिंधी कॉलोनी में संदिग्ध खाद्य सामग्री रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से दुकान में रखे दोनों ब्रांड के मावा और मिल्क केक का निरीक्षण किया। प्रयोगशाला में जांच के लिए कुल छह नमूने लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक बरामद पूरी सामग्री को सीज कर दिया गया है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थानाधिकारी चेतन शर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के बारे में प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। यदि नमूने खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत या घटिया गुणवत्ता के पाए जाते हैं, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अमानक पाए जाने पर जब्त सामग्री को नष्ट कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में मावा और मिल्क केक कहां से लाया गया था और इसे किन स्थानों पर बेचने की तैयारी थी। दिवाली से पहले हुई इस कार्रवाई के बाद संदिग्ध खाद्य सामग्री की आपूर्ति और बिक्री को लेकर जांच जारी है।