Jodhpur: गैंगस्टर विक्रम सिंह नांदिया और साथी हिस्ट्रीशीटर दिनेश बम्बानी गिरफ्तार, एक-एक लाख रुपये हैं इनामी
गैंगस्टर, हार्डकोर विक्रम सिंह नांदिया के विरुद्ध गंभीर जानलेवा हमला, लूट, जबरन वसूली, अवैध हथियार रखने जैसे 25 गंभीर प्रकरण, जबकि दिनेश बंबानी के विरुद्ध 10 गंभीर प्रकृति के आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट से टॉप-10 में चयनित और एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर विक्रम सिंह नांदिया को पुलिस ने साथी हिस्ट्रीशीटर दिनेश बम्बानी के साथ मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गैंगस्टर, हार्डकोर विक्रमसिंह नांदिया के विरूद्ध गंभीर जानलेवा हमला, लूट, जबरन वसूली, अवैध हथियार रखने जैसे 25 गंभीर प्रकरण, जबकि दिनेश बम्बानी के विरुद्ध 10 गंभीर प्रकृति के आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस के डीजीपी पुलिस उमेश मिश्रा और एडीजी पुलिस क्राइम दिनेश एमएन ने एक लाख रुपये इनामी गैंगस्टर विक्रम सिंह नांदिया की गिरफ्तारी पर पुलिस टीम को बधाई दी है।
जोधपुर पुलिस कमिश्नर रवि दत्त गौड़ ने बताया कि वितराग सिटी, बोरानाडा में हिस्ट्रीशीटर राकेश मांजू पर फायरिंग का मुख्य सुत्रधार हिस्ट्रीशीटर विक्रम सिंह नांदिया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, अपराध दिनेश एमएन के सुपरविजन में विक्रमसिंह नांदिया की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किये जा रहे थे। इसकी गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान पूर्व में पुलिस टीमों द्वारा नादिया के घर छापामारी कर चार वाहन-स्कॉर्पियो, मारुति बलेनो, बोलेरो कैंपर, एक जेसीबी 22 हजार नकद समेत बिजली के सामान जब्त किए थे।
दो दिन गैंगस्टर्स के रिश्तेदारों की गतिविधियों पर नजर रखी
बोरानाडा थाना क्षेत्र में गैंगस्टर राकेश मांजू पर फायरिंग की घटना की गंभीरता को देख कमिश्नर गौड़ के निर्देशन में डीसीपी ईस्ट डॉ. अमृता दुहन और डीसीपी वेस्ट गौरव यादव के सुपरविजन में दोनों जिलों की विशेष टीमों द्वारा गैंगस्टर विक्रम सिंह नांदिया की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे थे। इसी क्रम में कॉन्स्टेबल गिरवर सिंह और अकरम खान ने लगातार दो दिन नादिया प्रभाती गांव में अभियुक्त के रिश्तेदारों की गतिविधियों पर नजर रखी। इससे यह पता लगा कि वांछित अभियुक्त के भाई की होटल से एक आदमी पहाड़ियों में दोनों टाइम खाने का टिफिन लेकर जाता है।
पहाड़ियों के छुपे किसी व्यक्ति का परिजनों से संपर्क पता चला
कांस्टेबल अकरम ने वांछित अभियुक्त के परिजनों के मोबाइल नंबरों का एनालिसिस कर तकनीकी रूप से भी यह स्थापित कर लिया कि पहाड़ियों के छुपे किसी व्यक्ति का परिजनों से संपर्क है। नांदिया प्रभावती गांव से बंधड़ा की पहाड़ियों की तरफ जाने वाले चार अलग-अलग रास्तों पर हमेशा कोई न कोई गांव के लड़के बैठे होते थे, ताकि पुलिस की कोई गतिविधी होने पर वांछित अभियुक्त को सतर्क कर भगा सके।
पहाड़ी पर भूरिया बाबा मंदिर में छिपा था
मंगलवार सुबह टीम प्रभारी पुलिस निरीक्षक भारतसिंह के नेतृत्व में टीम के सदस्यों एसआई दिनेश डांगी, हेड कांस्टेबल गंगासिंह, कॉन्स्टेबल किशनसिंह, गिरवरसिंह और अकरम खान ने बंधड़ा पहाड़ी के पीछे घेराबंदी की। दोपहर को पहाड़ी पर भूरिया बाबा मंदिर में एक व्यक्ति खाने का टिफिन लेकर आया, उसी समय विक्रमसिंह नांदिया मंदिर में बने कमरे से बाहर निकला, जिसे टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दस्तयाब कर लिया। साथ में उसके सहयोगी चोपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने के हिस्ट्रीशीटर दिनेश बम्बानी को भी गिरफ्तार किया गया।
आपसी गैंगवार का रिकॉर्ड
हिस्ट्रीशीटर दिनेश बंबानी और हार्डकोर अपराधी कैलाश मांजू के मध्य रुपयों को लेकर विवाद काफी सालों से चल रहा है। जिसमें दिनेश बंबानी पर कैलाश मांजू द्वारा पूर्व में फायरिंग भी करवा रखी है। इसके बाद दिनेश बंबानी ने अपनी सुरक्षा के लिये अपने साथ हिस्ट्रीशीटर विक्रमसिंह नांदिया को रखना शुरू कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों में लगातार मुकदमें तथा फायरिंग की घटनाए हो रखी है। करीब दो साल पहले गैंगस्टर कैलाश मांजू के भतीजे राकेश मांजू द्वारा विक्रम नांदिया पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी, जिसमें हिस्ट्रीशीटर विक्रमसिंह नांदिया को पीठ में गोली भी लगी थी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
एसपी बोरानाडा जयप्रकाश अटल, एसएचओ बोरानाडा देवीचंद ढ़ाका, अपराध सहायक भारत रावत, उप निरीक्षक डीएसटी दिनेश डांगी, डीएसटी के कॉन्स्टेबल गिरवर सिंह, अकरम खान किशन सिंह और हेड कांस्टेबल चालक गंगा सिंह।