Rajasthan: एसीबी की कार्रवाई, खेतड़ी पीएचईडी एक्सईएन और उसकी पत्नी 60 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
झुंझुनू एसीबी ने खेतड़ी एक्सईएन और उसकी पत्नी को पिलानी से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बकाया बिल पास करवाने के एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
विस्तार
झुंझुनू एसीबी टीम ने खेतड़ी पीएचईडी के एक्सईएन और उसकी पत्नी को 60 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता से बकाया 5.54 लाख रुपये के बिल को पास करवाने के एवज में 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
परिवादी ठेकेदार ने एसीबी को शिकायत दी कि पाइप लाईन लीकेज, लेबर और वाहन उपलब्ध करवाने के तीन बिलों को पास करवाने के एवज में एक्सईएन रिश्वत मांग रहा है। ठेकेदार के पिलानी और सूरजगढ़ जलदाय विभाग के 5 लाख 54 हजार रुपए से अधिक के बिल बकाया थे। बिल पास करवाने का मामला 60 हजार रूपए में तय हुआ। जिसके बाद परिवादी ठेकेदार ने मामले की शिकायत एसीबी को दी। जिसकी पुष्टि के बाद एसीबी झुंझुनू की टीम ने कार्रवाई की।
आरोपी एक्सईएन ने रिश्वत की राशि लेकर ठेकेदार को अपने पिलानी स्थित घर पर बुलाया था। जैसे ही एक्सईएन ने रिश्वत की राशि ली, एसीबी वहां पहुंच गई। एसीबी को देख ठेकेदार की पत्नी ने रुपयों के बंडल बगल के कमरे के बेड के नीचे फेंक दी। जिसके बाद एसीबी ने आरोपी एक्सईएन और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।