{"_id":"6a93a062b06f5f896200c983","slug":"jalore-shots-fired-at-liquor-traders-vehicle-in-sanchore-extortion-demand-of-rs50-lakh-alleged-jalore-news-c-1-1-noi1335-4666672-2026-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"जालौर: सांचौर में शराब कारोबारी की स्कॉर्पियो पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जालौर: सांचौर में शराब कारोबारी की स्कॉर्पियो पर फायरिंग, 50 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
Sun, 30 Aug 2026 11:17 AM IST
जालौर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
Published by: जालौर ब्यूरो
Updated Sun, 30 Aug 2026 11:17 AM IST
सार
राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर में शराब कारोबारी की स्कॉर्पियो पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित गणपतलाल विश्नोई ने आरोप लगाया है कि उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
विज्ञापन
सांचौर में शराब कारोबारी की स्कॉर्पियो पर फायरिंग का आरोप
विस्तार
राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर क्षेत्र में शराब कारोबारी की गाड़ी पर फायरिंग का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित गणपतलाल विश्नोई ने सांचौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि बदमाशों ने पहले उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 29 अगस्त को डेडवा सरहद में उसकी स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर फायरिंग की गई। आरोप है कि एक स्कॉर्पियो सवार युवक ने पिस्तौल से गोली चलाई और पीछा करते हुए 2-3 और फायर किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
डेडवा सरहद में गाड़ी के बराबर लाकर की फायरिंग
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, 29 अगस्त को दोपहर करीब 2:15 बजे गणपतलाल पुत्र भगवानाराम विश्नोई निवासी सारणवास अपने भाई श्रवण कुमार और कमलेश के साथ डावल से सांचौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-68 पर डेडवा सरहद में सामने से एक स्कॉर्पियो क्लासिक आई। आरोप है कि स्कॉर्पियो को घुमाकर गणपतलाल की गाड़ी के बराबर लाया गया। इसी दौरान उसमें सवार मुकेश कुमार पुत्र पीराराम विश्नोई निवासी दांता ने पिस्तौल निकालकर गणपतलाल पर फायर कर दिया।
विज्ञापन
पीछा कर 2-3 राउंड और फायरिंग का आरोप
गणपतलाल के मुताबिक, फायरिंग होते ही उन्होंने अपनी गाड़ी तेज गति से भगाई और सांचौर थाने की ओर निकल गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने उनका पीछा किया और पीछे से भी 2-3 राउंड फायर किए। हालांकि, गोली ऊपर से निकल जाने के कारण गणपतलाल बाल-बाल बच गए। इसके बाद वह सीधे सांचौर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन
फोन पर मांगी गई थी 50 लाख रुपये की रंगदारी
गणपतलाल ने अपनी रिपोर्ट में 14 जुलाई की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया है। उसके अनुसार, उसका फोन रिसीव नहीं होने पर उसी नंबर से उसके दोस्त कमलेश के मोबाइल पर कॉल किया गया था। आरोप है कि कॉल के दौरान उससे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर गणपतलाल को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। अब पुलिस फायरिंग की घटना को इस कथित रंगदारी मांग से जोड़कर भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच रेवंतसिंह को सौंपी
सांचौर पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच रेवंतसिंह को सौंपी गई है। पुलिस फायरिंग की घटना, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपों की पुष्टि के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और वारदात से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।