{"_id":"6a8bd6e6492f6846200664dd","slug":"jalore-news-bloody-attack-in-janvi-village-gunmen-in-two-suvs-and-a-camper-fire-at-youth-hospitalised-2026-08-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"जाणवी गांव में खूनी वारदात: दो स्कॉर्पियो और कैंपर में आए हमलावर, युवक पर बरसाईं गोलियां, अस्पताल में भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जाणवी गांव में खूनी वारदात: दो स्कॉर्पियो और कैंपर में आए हमलावर, युवक पर बरसाईं गोलियां, अस्पताल में भर्ती
Mon, 24 Aug 2026 11:00 AM IST
जालौर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर
Published by: जालौर ब्यूरो
Updated Mon, 24 Aug 2026 11:00 AM IST
सार
सामाजिक विवाद से जुड़ी रंजिश में युवक पर फायरिंग के बाद जाणवी गांव में तनाव का माहौल है। हमले में घायल नरेश का सांचौर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हमलावरों की तलाश में नाकाबंदी कर कई जगह दबिश दी है।
विज्ञापन
अपराध
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जिले के हाड़ेचा कस्बे के पास सरवाना थाना क्षेत्र के जाणवी गांव में रविवार शाम सामाजिक विवाद को लेकर फायरिंग की घटना में नरेश पुत्र मिश्रा राम के गोली लगने से घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल को सांचौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नरेश सफेद रंग की कैंपर गाड़ी से अपने घर से जाणवी गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे लोगों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। बताया जा रहा है कि दो स्कॉर्पियो और एक कैंपर गाड़ी में सवार करीब 8 से 10 लोगों ने नरेश की कैंपर को घेर लिया और उस पर कई राउंड फायर किए। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से नरेश घायल हो गया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
विज्ञापन
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल नरेश को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सरवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी करवाई। पुलिस की अलग-अलग टीमें गांव और आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश में जुटी रहीं। देर रात तक संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जाते रहे। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस की मौजूदगी भी बढ़ा दी गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: दौसा: रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदी महिला, RPF जवानों ने सेकंडों में बचाई जान
सरवाना थानाधिकारी मोहनलाल के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला सामाजिक विवाद से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है। पुलिस के मुताबिक एक लड़की को भगाकर ले जाने के मामले में नरेश की भूमिका होने के शक के चलते उस पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार इस मामले में लड़की के परिजनों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। हालांकि फायरिंग की वास्तविक वजह और हमलावरों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस अब हमलावरों की पहचान, वारदात में इस्तेमाल वाहनों और फायरिंग के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घायल नरेश के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी है।