राजस्थान: जैसलमेर में मां-बेटे के शव मिलने से सनसनी, घर के अलग-अलग कमरों में मिले दोनों के शव
जैसलमेर की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में एक घर से मां सोनू कंवर और उनके 16 वर्षीय बेटे दक्षवर्धन के शव मिले। तीन साल पहले पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस दोनों की मौत के कारणों की जांच कर रही है।
विस्तार
शहर की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी में एक घर के भीतर मां और बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। 38 वर्षीय सोनू कंवर का शव घर के नीचे वाले कमरे में पड़ा मिला, जबकि उनके 16 वर्षीय बेटे दक्षवर्धन का शव ऊपर के कमरे में रस्सी से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बंद कमरे की खिड़की तोड़कर अंदर पहुंचे परिजन, मिले शव
पुलिस के अनुसार, सोनू कंवर और उनका बेटा दक्षवर्धन घर में अकेले रहते थे। शनिवार सुबह करीब 5 बजे दक्षवर्धन ने अपने चाचा दौलत सिंह को फोन किया था, लेकिन वे फोन नहीं उठा सके। इसके बाद सुबह करीब 6 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दूध के लिए फोन किया। इस पर दक्षवर्धन ने अपनी मां का फोन उठाकर कहा कि वे गांव जा रहे हैं और दूध नहीं लेंगे।
पढे़ं: फॉलोअर्स लाखों में, वोट सैकड़ों में, सरपंच चुनाव में तीसरे नंबर पर रहीं इन्फ्लुएंसर पवन की पत्नी
चाचा का फोन नहीं उठने पर उन्होंने अपनी पत्नी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद चाचा की पत्नी ने पड़ोसी महिला को फोन कर घर का हाल जानने को कहा। दोपहर करीब 12:30 बजे चाचा दौलत सिंह घर पहुंचे। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पड़ोसियों की मदद से खिड़की तोड़ी और घर में दाखिल हुए। वहां नीचे के कमरे में सोनू कंवर का शव पड़ा था, जबकि ऊपर के कमरे में दक्षवर्धन का शव रस्सी से लटका हुआ मिला।
तीन साल पहले सड़क हादसे में हुई थी पिता की मौत
घटना की जानकारी मिलने पर शहर कोतवाली प्रभारी प्रेमाराम विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। साथ ही नागौर निवासी मृतका के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। थाना अधिकारी प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि दक्षवर्धन नौवीं कक्षा में पढ़ता था। करीब तीन साल पहले सड़क हादसे में उसके पिता की मौत हो गई थी। इसके बाद से मां और बेटा घर में अकेले रहते थे। फिलहाल मां-बेटे की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।