Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaisalmer News ›   Friendship on a dating app followed by kidnapping and robbery Businessman in Jaisalmer fleeced

राजस्थान: डेटिंग ऐप पर की दोस्ती, फिर कारोबारी का किया अपहरण; मारपीट कर खाते से उड़ाए डेढ़ लाख रुपये

Tue, 10 Nov 2026 03:32 PM IST
जैसलमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Tue, 10 Nov 2026 03:32 PM IST
सार

जैसलमेर में डेटिंग ऐप के जरिए किराना कारोबारी को मिलने के बहाने बुलाकर अगवा किया गया। बदमाशों ने डेढ़ घंटे तक मारपीट कर करीब डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर करवाए। कारोबारी की सूझबूझ और पुलिस की कार्रवाई से सातों आरोपी पकड़े गए।

विज्ञापन
Friendship on a dating app followed by kidnapping and robbery Businessman in Jaisalmer fleeced
सांकेतिक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

डेटिंग ऐप पर अनजान शख्स से बातचीत करना एक किराना कारोबारी के लिए बड़ी मुसीबत बन गया। मिलने के बहाने बुलाए गए कारोबारी को बदमाशों ने गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया। इसके बाद करीब डेढ़ घंटे तक उसे अलग-अलग रास्तों पर घुमाया, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर ऑनलाइन करीब डेढ़ लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद आरोपी कारोबारी को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, कारोबारी की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने मामले में सातों आरोपियों को पकड़ लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

विज्ञापन


सात लोगों ने मिलकर रची थी वारदात की साजिश
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए कुल सात लोग जैसलमेर पहुंचे थे। इनमें पांच आरोपी उत्तर प्रदेश के नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गिरोह के चार सदस्यों ने किराना कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया का अपहरण कर लूटपाट की, जबकि महिला सहित तीन अन्य लोग सोनार किले में घूम रहे थे। पुलिस ने सभी सातों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया। इनमें एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।

विज्ञापन

वारदात के लिए आरोपियों ने बीकानेर से क्रेटा गाड़ी किराये पर ली थी। योजना के मुताबिक, कुछ आरोपी पहले ही गाड़ी से उतर गए। इसके बाद गिरोह का एक सदस्य कारोबारी दुलेन्द्र भाटिया के पास पहुंचा और बातचीत के जरिए उन्हें विश्वास में लेकर गाड़ी में बैठा लिया। करीब 500 मीटर आगे पहुंचने पर गिरोह के दूसरे सदस्य भी वाहन में सवार हो गए और कारोबारी को अपने कब्जे में ले लिया।

विज्ञापन
विज्ञापन


पहचान छिपाने के लिए ढकी नंबर प्लेट, मोबाइल भी किए बंद
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने क्रेटा की नंबर प्लेट को टी-शर्ट से ढक रखा था। हालांकि, कारोबारी ने गाड़ी में बैठने से पहले ही उसका नंबर देख लिया था। बदमाशों ने कारोबारी का मोबाइल छीनकर उसकी सिम निकालकर तोड़ दी। इसके अलावा, दूसरे मोबाइल में मौजूद ई-सिम को भी बंद कर दिया, ताकि वह किसी परिचित से संपर्क कर मदद न मांग सके।

आरोपी कारोबारी को भाटिया मुक्तिधाम के पास से गाड़ी में बैठाकर रामगढ़ बाइपास की ओर ले गए। यहां करीब डेढ़ घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी देकर आरोपियों ने ऑनलाइन करीब डेढ़ लाख रुपये अपने बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद वे कारोबारी को तनोट रोड की तरफ ले गए। लाणेला टोल नाके पर पकड़े जाने की आशंका होने पर आरोपियों ने रास्ता बदल दिया और वापस लौट आए। आखिरकार ब्रह्मसर तिराहे पर कारोबारी को गाड़ी से उतारकर फरार हो गए।

पढ़ें: राजस्थान में दिवाली के बाद भी प्रदूषण: श्रीगंगानगर सबसे आगे; जयपुर के इन इलाकों में एक्यूआई सबसे ज्यादा

कारोबारी ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से दी सूचना
आरोपियों के जाने के बाद दुलेन्द्र भाटिया ने हिम्मत नहीं हारी। वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति से मोबाइल लेकर उन्होंने अपने परिचित को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात के बारे में बताया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी करवाई। कारोबारी की ओर से बताए गए क्रेटा के नंबर को वायरलेस के जरिए पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों तक पहुंचाया गया। इसी दौरान आरोपियों की काले रंग की क्रेटा शहर की ओर आती दिखाई दी।



एएसपी की बोलेरो से टकराई क्रेटा, संकरी गली में फंसी
पुलिस की नाकाबंदी के बीच बदमाशों की तेज रफ्तार क्रेटा एएसपी सुरेश सांखला की बोलेरो से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने वाहन का पीछा शुरू कर दिया। भागने की कोशिश में आरोपी गलती से शहर की एक संकरी गली में घुस गए, जहां उनकी क्रेटा फंस गई। इसके बाद आरोपी गाड़ी छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। इस तरह कारोबारी के अपहरण और लूट की वारदात में शामिल सभी सातों लोग पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

आरोपियों से पूछताछ में जुटी पुलिस
शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई ने बताया कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उनसे वारदात की योजना, आपसी संबंधों और अन्य संपर्कों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डेटिंग ऐप के जरिए कारोबारी से संपर्क करने की योजना किसने बनाई थी, आरोपियों के बीच क्या भूमिका तय की गई थी और ऑनलाइन ट्रांसफर की गई रकम किन बैंक खातों में पहुंची। पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed