{"_id":"6880f45edb94b395e9003133","slug":"accident-during-jeep-safari-near-jaisalmer-female-tourist-from-nashik-dies-three-injured-jaisalmer-news-c-1-1-noi1407-3200785-2025-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jaisalmer News: सम में सफारी के दौरान अनियंत्रित होकर पलटी जीप, नासिक से आई महिला पर्यटक की मौत, तीन घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jaisalmer News: सम में सफारी के दौरान अनियंत्रित होकर पलटी जीप, नासिक से आई महिला पर्यटक की मौत, तीन घायल
Wed, 23 Jul 2025 09:10 PM IST
जैसलमेर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
Published by: जैसलमेर ब्यूरो
Updated Wed, 23 Jul 2025 09:10 PM IST
सार
नासिक से जैसलमेर भ्रमण पर आए एक दल की जीप शाम को लखमणा ड्यून्स की ओर रवाना हुई थी, जहां जीप पलटने से हुए हादसे में एक महिला की मौत हो गई और तीन अंन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो
- फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
राजस्थान के विश्वविख्यात पर्यटन स्थल सम में स्थित लखमणा ड्यून्स पर सफारी के दौरान एक तेज रफ्तार जीप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार महिला पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पर्यटक घायल हो गए। महाराष्ट्र के नासिक से आए पर्यटकों का एक समूह प्रसिद्ध रेत की टीलों पर रोमांचकारी सफारी का आनंद लेने यहां पहुंचा था।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार 60 वर्षीय महिला आशा निवरी अपने परिवार व अन्य लोगों के साथ घूमने आई थीं। सफारी के दौरान अचानक जीप के पलटने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सम लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य घायलों में संगीता (55), तेजल (18) और सबीहा (56) को प्रारंभिक उपचार के बाद जैसलमेर के जवाहर हॉस्पिटल रैफर किया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Alwar: पानी के कुंडे में गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने कंपनी पर लगाया भेदभाव का आरोप, मुआवजे के बाद बयान बदले
विज्ञापन
हादसे के तुरंत बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन सम थाना पुलिस के एएसआई ओमप्रकाश विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्रवाई की और बाद में फरार चालक मगन खान को हिरासत में लेकर उसकी जीप को जब्त कर लिया। एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि नासिक से 34 लोगों का एक पर्यटक दल जैसलमेर भ्रमण पर आया था। उसी दल की एक जीप शाम को लखमणा ड्यून्स की ओर रवाना हुई थी, जहां तेज गति और संभवतः असंतुलित ड्राइविंग के चलते यह हादसा हुआ। मृतका आशा निवरी के पुत्र रविंद्र की शिकायत पर चालक मगन खान के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और पर्यटकों की जान को खतरे में डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मृतका के शव का पोस्टमार्टम जैसलमेर के अस्पताल में करवाया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनके परिवारजन जैसलमेर से शव लेकर नासिक के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे के कारणों को लेकर सम थाना पुलिस द्वारा गहन जांच की जा रही है, साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि सफारी जीप सभी कानूनी मापदंडों के अनुसार संचालित हो रही थी या नहीं। यह हादसा एक बार फिर से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और गैर-जिम्मेदार ड्राइविंग के गंभीर परिणामों की ओर इशारा करता है। प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए और जीप सफारी जैसी रोमांचक गतिविधियों के संचालन में सख्ती बरते।