Rajasthan News: जयपुर आएंगे RSS प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, 13 से 16 नवंबर तक रहेंगे प्रवास पर
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 13 से 16 नवंबर तक जयपुर प्रवास पर रहेंगे। वे संघ शताब्दी वर्ष के तहत विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 15 को एसएमएस इंडोर स्टेडियम में भाषण देंगे और 16 को पाथेय भवन में पुस्तक का विमोचन करेंगे।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों के तहत 13 से 16 नवंबर तक राजस्थान प्रवास पर रहेंगे। अपने चार दिवसीय प्रवास के दौरान वे जयपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे और संघ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। राजस्थान क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश अग्रवाल ने बताया कि डॉ. भागवत 12 नवंबर की रात्रि जयपुर पहुंचेंगे। 15 नवंबर को शाम 5:30 बजे एसएमएस इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में वे “वर्तमान वैश्विक परिदृश्य एवं एकात्मक मानव दर्शन” विषय पर अपना विचार प्रकट करेंगे। यह आयोजन एकात्म मानवदर्शन अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान की ओर से किया जा रहा है।
यह भी पढें- Rajasthan News: IAS दंपती के बीच विवाद; पत्नी ने पति के खिलाफ प्रताड़ना व अन्य गंभीर आरोपों की FIR करवाई
16 नवंबर को सुबह 10 बजे वे पाथेय भवन, मालवीय नगर में आयोजित पुस्तक विमोचन समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर राजस्थान के दिवंगत प्रचारकों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित ग्रंथ ‘...और यह जीवन समर्पित’ का विमोचन किया जाएगा, जिसका प्रकाशन ज्ञान गंगा प्रकाशन, जयपुर ने किया है। प्रवास के दौरान डॉ. भागवत कार्यकर्ताओं के विभिन्न समूहों के साथ बैठकें करेंगे और अनौपचारिक संवाद भी होगा।