राजस्थान का मौसम: गर्मी के बीच बारिश और ओले का अलर्ट, इस तारीख से बदलेगा मौसम
राजस्थान में 24 अक्टूबर से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके असर से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है। फिलहाल पश्चिमी जिलों में गर्मी बनी हुई है।
विस्तार
राजस्थान में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। प्रदेश में 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर के आसपास के इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है।
बीते 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अब भी बना हुआ है। गुरुवार को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री और जोधपुर में 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, देर शाम जैसलमेर के कई इलाकों में बादल छाए और बूंदाबांदी हुई। फलोदी के आसपास भी बादलों की आवाजाही देखने को मिली।
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी, रात में बढ़ी ठंडक
दिन में तापमान ऊंचा रहने के बावजूद प्रदेश के कई शहरों में रातें ठंडी होने लगी हैं। सीकर, पिलानी, टोंक और भीलवाड़ा सहित कई जगह न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया जा रहा है। माउंट आबू में गुरुवार रात सबसे कम 14.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
यह भी पढें- राजस्थान: पहले टिकट होल्ड, फिर हरी झंडी; राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम को मिला भाजपा का सिंबल
24 अक्टूबर से पश्चिमी जिलों में बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने और धूप निकलने की संभावना है। इसके बाद 24 अक्टूबर से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर खासतौर पर बीकानेर संभाग के जिलों में देखने को मिल सकता है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
जयपुर में दिनभर रही धूप
राजधानी जयपुर में गुरुवार को दिनभर आसमान साफ रहा और धूप निकली। इससे अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई और पारा 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, देर शाम शहर के कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए।